न्यूज़ स्ट्रोक
नई दिल्ली, 24 फरवरी। रूस के यूक्रेन पर हमले का प्रभाव सिर्फ इन्हीं दो देशों तक सीमित नहीं। दुनिया भर के बाजारों पर इसका असर पड़ा। सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन रूस के यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई के ऐलान से भारत का शेयर बाजार धड़ाम हो गया। इस वजह से निवेशकों को करीब 10 लाख करोड़ का नुकसान हुआ।
सेंसेक्स करीब 2800 अंक या 4 फीसदी से ज्यादा लुढ़क कर 55 हजार अंक के नीचे आ गया। वहीं, निफ्टी भी अब 750 अंकों का गोता लगाकर 16,100 अंक के स्तर पर आ गया है। हालांकि बाद में मामूली सुधार हुआ। कारोबार के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 2702.15 अंक यानी 4.72 फीसदी टूटकर 54,529.91 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 815.30 अंक यानी 4.78 फीसदी गिरकर 16247.95 के स्तर पर बंद हुआ।
रूस और यूक्रेन के बीच जंग पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। इस युद्ध से आर्थिक तौर पर नुकसान पूरी दुनिया को होने वाली है।
ऑटो, आईटी और बैंकिंग सेक्टर सबसे ज्यादा गिरावट देखी जा रही है. HERO Motocorp के शेयर 8 फीसदी से ज्यादा गिरकर 2452 रुपये पर पहुंच गया। वहीं Tata Motors के शेयर में भी 8 फीसदी की गिरावट के साथ 438 रुपये पर पहुंच गया है।
वहीं इंडसइंड बैंक में 6 फीसदी की गिरावट और टेक महिंद्रा में 5 फीसदी की गिरावट आई है। HCL टेक में 4.50 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।
दुनिया भर के बाजार लुढ़के
दुनियाभर के प्रमुख शेयर बाजार तेजी से लुढ़क गये। हांगकांग का हैंगशैंग 3.2 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, 2.7 प्रतिशत, जापान का निक्के ई 2.4 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.9 प्रतिशत टूट गया।
इस दौरान अमेरिकी शेयर बाजार में भी कोहराम मचा रहा और डो जोन फ्यूचर 2.4 प्रतिशत और नैस्डैक 2.8 प्रतिशत लुढ़क गया।
रूस ने शेयर बाजार में गुरुवार को कारोबार बंद रखा है। रूस ने साथ ही कहा है कि अगली नोटिस आने तक सभी बाजारों में कामकाज बंद रहेगा।
0 Comments