फिरोजाबाद और एटा समेत 16 जिलों में आज थमेगा चुनाव प्रचार


योगी और अखिलेश करेंगे कई

सभाएं, समाजवादी यात्रा भी

न्यूज़ स्ट्रोक 

फिरोजाबाद, 18 फरवरी । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के तीसरे चरण के चुनाव के लिये आज शाम 6 बजे से चुनाव प्रचार थम जाएगा। यहां 20 फरवरी को तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 सीटों पर मतदान होना है।
जिन 16 जिलों में मतदान होना है, उनमें हाथरस, फिरोजाबाद, कासगंज, एटा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा जिलों में मतदान होगा। इस चरण में कई हाई-प्रोफाइल सीटें हैं। मैनपुरी जिले की करहल सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनावी मैदान में हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला भाजपा के एसपी सिंह बघेल से है।
ऐसे में यूपी में सभी सियासी दिग्गज आज विधानसभा सीटों पर अपना दम दिखायेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह 11:30 बजे मैनपुरी में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह दोपहर 12:30 बजे करहल स्थित घिरोर मैनपुरी में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर दो बजे कानपुर तो शाम चार बजे वह उन्नाव की भगवंत नगर विधानसभा सीट पर चुनाव प्रचार करेंगे।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी आज सूबे में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। वह सुबह साढ़े 10 बजे जालौन के माधवगढ़ में रैली करेंगे। सुबह 11 बजे कानपुर में वह समाजवादी विजय यात्रा निकालेंगे और उन्नाव के मोहान में शाम 4 बजे रैली करेंगे।

Post a Comment

0 Comments