हेनरी की तूफानी गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीका 95 रन पर ढेर

 

 विकेट लेने के बाद जश्न मनाते न्यूजीलैंड के गेंदबाज मैट हेनरी। फोटो न्यूजीलैंड क्रिकेट के ब्लैक कैप्स टि्वटर हैंडल से साभार।

 न्यूजीलैंड-दक्षिण अफ्रीका टेस्ट

 के पहले दिन हेनरी का कहर 


खेल डेस्क, 17 फरवरी। न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में आज से शुरू हुए पहले टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने शर्मनाक प्रदर्शन किया। मैच के पहले ही दिन मेहमान टीम अपनी पहली पारी में मैट हेनरी (23 रन पर 7 विकेट) की घातक गेंदबाज के सामने केवल 95 रन पर ढेर हो गई। कोई भी बल्लेबाज  हेनरी की गेंदबाजी के आगे टिकने का जज्बा नहीं दिखा सका। 
लंच तक ही दक्षिण अफ्रीका ने 44 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे, जिसमें हेनरी ने 16 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
दक्षिण अफ्रीका की टीम चाय के विश्राम से लगभग 25 मिनट तक चले खेल में 49.2 ओवर में ढेर हो गई। दक्षिण अफ्रीका की ओर से जुबैर हमजा ने सर्वाधिक 25 रन का योगदान दिया।
टेस्ट क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका ने 90 साल बाद ऐसा शर्मनाक प्रदर्शन किया है। इससे पहले अन्तिम बाद दक्षिण अफ्रीका की पारी 100 रन के अंदर साल 1932 में सिमटी थी। 
ट्रेंट बोल्ट की जगह टीम में शामिल किए गए मैट हेनरी की तूफानी गेंदबाजी का दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। हेनरी ने सात विकेट झटककर दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी क्रम को धराशाई कर दिया। मैट हेनरी ने 15 ओवर में 23 रन देते हुए 7 विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने 7 ओवर मेडन डाले। यह पहला मौका है, जब उन्होंने टेस्ट की एक पारी में 5 से अधिक विकेट लिए हैं। हेनरी ने इसी के साथ रिचर्ड हेडली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 23 रन देकर 7 विकेट लिए थे। 
न्यूजीलैंड की टीम ने पहले दिन स्टंप तक 39 ओवर में 3 विकेट खोकर 116 रन बना लिए हैं और पहली पारी में 21 रन की बढ़त हासिल कर ली है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक नील वेगनर और हेनरी निकोल्स क्रीज पर हैं।

 न्यूजीलैंड के गेंदबाजों का सर्वश्रेष्ठ  प्रदर्शन
  •  एजाज पटेल 10-119 विरुद्ध भारत 
  •  सर रिचर्ड हैडली 9-52 विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया 
  •  सर रिचर्ड हैडली 7-23 विरुद्ध भारत 
  •  मैट हेनरी  7-23 विरुद्ध साउथ अफ्रीका
  •  क्रिस कैर्न्स 7-27 विरुद्ध  वेस्टइंडीज 

Post a Comment

0 Comments