न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 19 मार्च । भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनावों के लिए अपने प्रत्याशियों की सूची घोषित कर दी है। आगरा-फिरोजाबाद सीट पर भाजपा ने विजय शिवहरे को उम्मीदवार घोषित किया है। विजय शिवहरे सोमवार 21 मार्च को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस सीट से समाजवादी पार्टी ने दिलीप यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। दिलीप यादव इस सीट से वर्तमान में एमएलसी हैं।
भाजपा से इस सीट के लिए विजय शिवहरे के अलावा कई दिग्गज पार्टी नेता लाइन में थे। भाजपा को विधान सभा चुनावों में लगातार दूसरी बार मिली प्रचंड जीत के बाद सभी नेता और कार्यकर्ताओं में उत्साह था। प्रमुख दावेदारों में विजय शिवहरे के अलावा पूर्व एमएलसी रामसकल गुर्जर, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, महिला मोर्चा की बृजक्षेत्र अध्यक्ष बबीता चौहान, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, पूर्व विधायक रामप्रताप चौहान समेत एक दर्जन नेताओं के नाम उछाले जा रहे थे।
आज दोपहर बाद पार्टी ने जब प्रत्याशियों की सूची घोषित की तो उसमें विजय शिवहरे के फिरोजाबाद-आगरा सीट पर उम्मीदवार बनाया गया। विजय शिवहरे को लेकर पहले ही कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें विधान परिषद चुनावों में भाजपा से टिकट मिल सकता है। पूर्व महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों में पदाधिकारी रहे हैं। वर्तमान में संगठन में प्रदेश मंत्री है। टिकट की घोषणा होने के बाद उनके समर्थकों में खुशी है। उनके स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया है। उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। उन्होंने कहा है कि यह टिकट मेरी नहीं बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं की है।
आगरा-फिरोजाबाद विधान परिषद सीट पर कुल 3926 मतदाता हैं। 2320 पुरुष एवं 1605 महिलाएं शामिल हैं। आगरा जनपद में 16 बूथों पर 2324 मतदाता वोट डालेंगे। वहीं फिरोजाबाद में नौ बूथों पर 1601 मतदाता वोट डालेंगे।


0 Comments