पाकिस्तान में सियासी संकट
और गहराया, विपक्ष एकजुट
न्यूज़ स्ट्रोक
नई दिल्ली, 20 मार्च। लगता है कि अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के सत्ता में गिने चुने दिन ही बचे हैं। विपक्ष के दवाब के बीच पाक सेना ने भी इमरान को पद छोडऩे को कह दिया है। पाक मीडिया से जो खबरें निकल कर आ रही हैं उनके मुताबिक सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा के नेतृत्व वाली पाकिस्तानी सेना के शीर्ष अधिकारियों ने कथित तौर पर इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) की बैठक के बाद प्रधानमंत्री इमरान खान से इस्तीफा देने के लिए कह दिया है।
गौरतलब है कि 22-23 मार्च को ओआईसी विदेश मंत्रियों का सम्मेलन प्रस्तावित है। ऐसे में माना जा रहा है कि इमरान के लिए सत्ता में बने रहना अब मुश्किल ही है। कुछ खबरों में यह भी कहा जा रहा है कि इमरान अपनी कुर्सी बचाने के लिए सेना प्रमुख को बर्खास्त कर सकते हैं लेकिन ऐसा होना आसान नहीं है। जनरल बाजवा को सेना के वरिष्ठ कमांडर्स का पूरा समर्थन हासिल है।
खबरों के मुताबिक सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा और डीजी (आईएसआई) लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अंजुम सहित चार वरिष्ठतम पाकिस्तानी सेना जनरलों ने ओआईसी-एफएम सम्मेलन के बाद इमरान खान को प्रधानमंत्री का पद छोडऩे के लिए कहा है। यहां तक कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के बहुप्रचारित तुरुप का पत्ता पूर्व सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ भी सेना के साथ इमरान खान की ओर से मध्यस्थता करने में स्पष्ट रूप से विफल रहे हैं। यह भी पता चला है कि जनरल शरीफ इमरान खान के कहने पर जनरल बाजवा से मिलने के लिए पाकिस्तान गए थे, लेकिन वे सेना प्रमुख को नहीं समझा सके।
दिल्ली पहुंचने वाली खबरों के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना अपने इस आकलन में एकजुट है कि इमरान खान को पद छोड़ देना चाहिए क्योंकि लगातार राजनीतिक उथल-पुथल पाकिस्तान के हित में नहीं है। आपको बता दें कि पाकिस्तान पहले से ही गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा है। सेना भी पीएम इमरान खान से यूक्रेन संकट पर अमेरिका और यूरोपीय संघ के खिलाफ अनावश्यक पॉट-शॉट लेने और जाहिर तौर पर अफगानिस्तान में पश्चिम में इस्लामाबाद के समर्थन के बावजूद उनकी और पाकिस्तान की अनदेखी के लिए नाराज है।


0 Comments