-औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, चिकित्सक और स्टाफ को भी देर से हुई जानकारी
-किसी डॉक्टर से नहीं की बात, सीधे लखनऊ दी जाएगी रिपोर्ट, एक्सपायरी दवाएं मिलीं
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 17 मई । जिला अस्पताल में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर लखनऊ से आई टीम ने औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों को भी लगभग आधे घंटे बाद जानकारी हुई। टीम के निरीक्षण की जैसे ही जानकारी हुई, पूरे अस्पताल में चिकित्सक और अन्य स्टाफ सक्रिय हो गया लेकिन तब तक यह टीम पूरे जिला अस्पताल का निरीक्षण कर चुकी थी। इस टीम के बारे में कहा जा रहा है कि इसे प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के निर्देश पर भेजा गया है।
ओपीडी के साथ जिला अस्पताल के सारे वार्ड और जांच होने वाले विभागों में दौरा करने के बाद यह टीम दवाइयों के स्टोर रूम में पहुंची। यहां भी टीम को खामियां ही मिलीं। आगरा जिला अस्पताल की खामियां इस समय चैनल और अखबारों की सुर्खियां बनी हुई हैं। मीडिया में आ रही खबरों को उपमुख्यमंत्री ने भी गंभीरता से लिया। इसके बाद उप मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ विभाग लखनऊ की ओर से एक टीम को गुपचुप तरीके से औचक निरीक्षण करने के लिए भेजा गया।
खुद डिप्टी सीएम भी स्वास्थ्य विभाग को लेकर काफी गंभीर हैं। हाल ही में वह मथुरा के दौरे के दौरान आगरा में पहुंच गए थे और सीधे एसएन में जाकर उन्होंने औचक निरीक्षण शुरू कर दिया था। जिला अस्पताल में मरीजों को दवा मिल रही है या नहीं, ओपीडी की जांच स्ट्रेचर कहां रखा है, क्षय रोग की दवा मिल रही है या नहीं। इसके अलावा जिला अस्पताल की सफाई व्यवस्था के साथ अन्य लगभग 14 बिंदुओं पर यह टीम जांच करने आई थी।
सूत्रों की मानें तो जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण करने वाली टीम में लगभग चार लोग शामिल थे। जैसे ही जिला अस्पताल ये टीम पहुंची, इनके अलग-अलग सदस्य पूरे जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण में जुट गए। इतना ही नहीं टीम के लोगों ने मरीजों के पास बैठकर उनसे बातचीत भी की और इलाज व ओपीडी की जानकारी ली। दूसरी टीम ने एक्स-रे व अन्य जांचों की जांच पड़ताल की। फिर टीम के लोग जिला अस्पताल की दवाइयों के स्टोर रूम में पहुंचे और यहां जो हुआ, उसके बाद पूरा जिला अस्पताल प्रशासन हिल गया है।
औषधि स्टोर रूम में मिलीं एक्सपायरी दवाइयां
लखनऊ से आई टीम ने जिला अस्पताल के औषधि स्टोर रूम का निरीक्षण किया। यहां पर दवाइयों की उपलब्धता और दवाइयों की एक्सपायरी जांच की गई। इस औषधि स्टोर रूम में काफी दवाइयां एक्सपायरी मिलीं। यह दवाइयां एंटी एलर्जी वाली सिरप और टेबलेट थीं। यह दवाइयां एक्सपायर हो चुकी थीं और एक्सपायरी दवाइयों का स्टॉक भी काफी था। इस पर स्टोर रूम की व्यवस्था संभालने वाले से बातचीत की गई लेकिन वह छुट्टी पर था। फोन पर उसने अपनी बात को टीम और अधिकारियों के सामने रखा।
टीम ने नहीं की डॉक्टर्स से बात
सीएमएस एके अग्रवाल ने बताया कि टीम उप मुख्यमंत्री के निर्देश पर औचक निरीक्षण के लिए आई थी। निरीक्षण के बाद टीम ने उनसे व अन्य चिकित्सकों से किसी भी तरह की वार्ता नहीं की। उनकी रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा कि आखिरकार टीम ने किस तरह की रिपोर्ट पेश की है।


0 Comments