फिरोजाबाद में ओवर ब्रिज पर रोडवेज बस में लगी आग, यात्री सुरक्षित, बस खाक



-आगरा से बेबर जा रही थी बस, चालक-परिचालक की सतर्कता से बची जान 

-बस में रखा आग बुझाने का सिलेंडर खाली था, डीजल टैंक में लगी आग 


न्यूज़ स्ट्रोक

आगरा 07 जून। आगरा से बेबर जा रही रोडवेज बस में थाना उत्तर क्षेत्र अन्तर्गत ओवरब्रिज पर आज मंगलवार को भीषण आग लग गई।  हादसा दोपहर सवा दो बजे हुआ। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक बस जलकर खाक हो गई। आग से बस में रखा सामान जल गया लेकिन सभी यात्री सुरक्षित हैं।
बेबर डिपो की एक रोडवेज बस मंगलवार को आगरा से सवारियां लेकर वापस बेबर जा रही थी। बस जैसे ही फिरोजाबाद शहर के थाना उत्तर क्षेत्र अन्तर्गत ओवरब्रिज पर पहुंची, तभी अचानक बस में भीषण आग लग गई। डीजल का टैंक टूटने के बाद आग लगी।
बस में आग लगने से सवारियों में हड़कम्प मच गया। बस के चालक व परिचालक ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल बस में बैठी सवारियों को बस से नीचे उतारा।हादसे के वक्त बस में बैठे 35 यात्रियों ने दरवाजे और खिड़की से कूदकर जान बचाई। सूचना के 50 मिनट बाद दमकल टीम पहुंची तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। आग के कारण हाईवे पर एक ओर का यातायात करीब एक घंटे बाधित रहा। 
बस के परिचालक संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि बस में डीजल टैंक गिरने के कारण अचानक आग लग गई थी। बस में सवार सभी सवारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। बस से टैंक को निकालने का भी प्रयास किया गया लेकिन वह नहीं निकल सका। आग पर काबू पाने के लिए बस में रखे आग बुझाने का सिलेंडर खाली था। कुछ सामान जरूर जल गया है लेकिन सवारियां सभी सुरक्षित हैं। बस में करीब 35 सवारियां थीं।


Post a Comment

0 Comments