हिस्ट्रीशीटर के भाई की दबंगई, फ़िल्मी अंदाज़ में युवक को दुकान से घसीट कर पीटा



न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 25 जून। थाना शाहगंज क्षेत्र के मानस नगर में शनिवार को हिस्ट्रीशीटर के भाई ने फिल्मी स्टाइल में साथियों के साथ मिलकर एक युवक को दुकान से घसीट कर बुरी तरह पीट दिया। मारपीट के दौरान वहां खड़ी एक कार और साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद ऐलानिया स्टाइल में वापस आया और अपनी शर्ट उठाकर बॉडी का प्रदर्शन करते हुए वहां खड़ी बाइक लेकर चला गया।
यह मामला कैमरे में कैद हो गया है। स्थानीय लोगों द्वारा युवक को इलाज के लिए ले जाया गया है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। घायल युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब छह बजे शाहगंज थाना अंतर्गत मानस नगर क्षेत्र में एक दुकान पर स्नेक्स खा रहे युवक को क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर रिंकू पठान के भाई छोटू पठान ने दोस्तों के साथ जाकर दुकान से घसीट लिया। उसे डंडों से बुरी तरह पीटा। इसके बाद युवक के साथी उसे इलाज के लिए ले गए। सूचना पर डायल 112 और थाना शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। दो संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। थाना पुलिस का कहना है कि झगड़ा हुआ है। शिकायत सामने नहीं आई है। 
मारपीट के मामले में लोगों ने काफी वीडियो बनाये हैं। एक वीडियो में युवक मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में दबंग छोटू पठान एक्टिवा पर बैठ रहा है और वीडियो बना रहे युवक को भद्दे कमेंट करते हुए जो मन चाहे कर लेने की धमकी दे रहा है। तीसरे वीडियो में झगड़ेे के बाद छोटू फिर वापस आता है और वहां खड़ी अपनी बाइक के पास डंडा फेंकता है। इसके बाद बाइक पर बैठकर अपनी शर्ट उतार देता है और फिल्मी स्टाइल में बॉडी दिखाते हुए बाइक लेकर चला जाता है। 
स्थानीय निवासियों के अनुसार क्षेत्र में आधा दर्जन से ज्यादा कोचिंग सेंटर हैं। भारी संख्या में युवा पढ़ाई के लिए आते हैं। यहां लड़कियों के पीछे तमाम शोहदे भी अड्डेबाजी करते हैं। आये दिन छोटी-छोटी बात पर मारपीट यहां आम बात है। शनिवार को भी किसी लड़की को लेकर विवाद हुआ है। 

Post a Comment

0 Comments