आगरा में लुटेरी खाकी, एनकाउंटर की धमकी देकर चांदी कारीगर से पुलिसकर्मियों ने की लूट




-एसएसपी ने फाउंड्री नगर चौकी इंचार्ज और दो सिपाहियों को किया निलंबित, एसपी वेस्ट को जांच 
-समाधान दिवस पर एत्मादुद्दौला पहुंचे थे डीएम और एसएसपी, गोली मारने की भी दी थी धमकी

न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 11 जून। लोगों की सुरक्षा करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने का जिम्मा खाकी पर है लेकिन आगरा में खाकी ने ही लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। चांदी कारीगर और उसके भाई को डरा धमकाकर चांदी  लूट ली। फिर उन्हें चौकी ले गए। वहां गोली मारने की धमकी देकर रुपयों की वसूली की। इस बात की शिकायत समाधान दिवस में डीएम और एसएसपी से थाना एत्मादुद्दौला में की गई। एसएसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। एसपी वेस्ट को जांच के आदेश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार को एत्माउद्दौला थाने में समाधान दिवस चल रहा था। जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह, एसएसपी सुधीर कुमार सिंह लोगों की शिकायत सुन रहे थे। तभी बिसावर हाथरस के रहने वाले विपिन कुमार ने एसएसपी को एक शिकायती पत्र दिया, जिसके बाद उसने एसएसपी को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। उसने बताया कि विपिन और उसका भाई धर्मेंद्र चांदी के कारीगर हैं। व्यापारियों से चांदी घर ले जाते थे और उसके घुंघरू बनाकर देकर आते थे। वह सात जून को बाइक से चांदी लेकर घर जा रहे थे, तभी टेढ़ी बगिया के पास उनकी बाइक को एक वर्दी वाले सिपाही और सादा कपड़े वालों ने रोका। उनकी चांदी छीन ली। दोनों भाइयों की उन दोनों से काफी बहस भी हुई, जिसके बाद उन दोनों को गाड़ी में बैठाकर चौकी ले गए। वहां उनके साथ मारपीट की गई। उन्हें गोली मारने की धमकी दी। कहा कि पैर में गोली मारकर लंगड़ा कर देंगे। आरोप है कि चौकी में उनको छोडऩे के एवज में 74 हजार रुपये की वसूली की गई। विपिन ने आरोप चौकी इंचार्ज नीलकमल, सिपाही अजय नेहरा और सिपाही कपिल चौधरी पर लगाये। 
विपिन के अनुसार रुपये उनके पिता ने कपिल को दिए और उसके बाद उनके पिता को भेज दिया गया। पिता के जाने के करीब एक घंटे बाद उनको छोड़ा गया। विपिन का आरोप है कि छोड़ने से पूर्व सिपाही ने उनको धमकाते हुए कहा था कि यहां से जाने के बाद कहीं शिकायत करने की सोची तो उनको गोली मार देंगे। पुलिस कर्मियों की इस शिकायत पर एसएसपी का पारा हाई हो गया। 
मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच एसपी वेस्ट सत्यजीत गुप्ता को दी गई है। जांच दो दिन में पूरी की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको जेल भेजा जाएगा। चौकी इंचार्ज फाउंड्री नीलकमल गौतम का सुबह ही एकता चौकी तबादला किया गया था लेकिन कुछ ही देर में वह निलंबित कर दिया गया। 

जेब के रुपये भी निकालने का आरोप

 विपिन ने अनुसार कपिल नाम के सिपाही ने उनके पिता से रुपये की वसूली करके उनको बाहर भेज दिया था जिसके बाद जब उनको छोड़ा जा रहा था तो उनकी जेब मे रखे 2260 रुपये भी निकाल लिए थे।

कौन है पुलिस के सहयोगी दो युवक 

इस पूरे मामले में पुलिसकर्मियों के अलावा दो युवकों को नाम सामने आ रहा रहा है। हालांकि अभी उन दोनों युवकों की पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि इन युवकों पर चौकी पुलिस के लिए काम करने की बात सामने आ रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस अधिकारी अब उन दो युवकों का पता लगाने में लगे है और उनकी इस मामले में भूमिका का भी पता लगाया जाएगा।


Post a Comment

0 Comments