माफिया पर बुलडोजर चलने
से सपा, कांग्रेस को परेशानी
👉आजमगढ़ में मुख्यमंत्री ने कई विकास कार्यों का किया शिलान्यास
👉सीएम ने सपा, बसपा और कांग्रेस पार्टी पर जमकर बोले हमले
न्यूज़ स्ट्रोक
आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस समय पूरी तरह चुनावी एक्शन में हैं। विपक्षी दलों के गढ़ में जहां वह जमकर तीखे तीर चला रहे है, वहीं विकास कार्य भी परवान चढ़ रहे हैं। आदित्यनाथ ने सोमवार को लालगंज, आजमगढ़ में ₹122.43 करोड़ लागत की 37 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। लोकार्पण और शिलान्यास के साथ लाभार्थीपरक योजनाओं के प्रमाण-पत्रों का वितरण भी किया गया। इस दौरान उन्होंने डॉ. भीमराव अम्बेडकर को श्रद्धांजलि भी दी। बाद में लोगों को संबोधित करते हुए वह सपा पर जमकर बरसे। सीएम योगी को सुनने के लिए सगड़ी विधानसभा स्थित जूनियर विद्यालय के मैदान में भारी संख्या में भीड़ उमड़ी।
योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला बोला। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आजमगढ़ को उसकी सही पहचान 'आर्यमगढ़' देने का काम हमारी सरकार ने कर दिया है। । उन्होंने कहा कि एक समय सपा के शासन में पूरा प्रदेश अराजकता व आतंक का पर्याय बन चुका था। उस समय नारा लगता था, 'जिस गाड़ी में सपा का झंडा, उसमें बैठा होगा कोई जाना पहचाना गुंडा। सपा की अराजकता किसी से छुपी नहीं है। हमारी सरकार ने अपराधियों की कमर तोड़ने का काम किया है। सीएम ने कहा कि सपा सरकार में, रामपुर में दलितों को प्रताड़ित किया जा रहा था और उन्हें उजाड़ा जा रहा था, तब कांग्रेस मौन थी। बसपा भी मौन थी। उन दलितों के लिए केवल भारतीय जनता पार्टी आंदोलन कर रही थी। अब जब माफिया पर बुलडोजर चलता है तो सपा, कांग्रेस को परेशानी होती है। हमें अत्याचार स्वीकार्य नहीं है।
पिछली सरकारों ने गरीबों व दलितों की जमीनों एवं व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर कब्जा करके जिस प्रकार की अराजकता पैदा की थी, वह किसी से छुपी नहीं है। वर्ष 2017 के बाद हमारी सरकार ने गुंडागर्दी की कमर तोड़ने का कार्य किया।
कोरोना काल में गायब हो गए थे अखिलेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना काल में जब भाजपा के सांसद व विधायक जनसेवा कर रहे थे, तब आजमगढ़ के सांसद अखिलेश यादव नदारद थे। पता चला कि इंग्लैंड गए हैं। दूसरी बार पता किया तो मालूम हुआ कि ऑस्ट्रेलिया गए हैं। सीएम ने कहा कि जनता ने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जाने के लिए तो उन्हें नहीं चुना था। अखिलेश यादव पर हमला करते हुए कहा कि कोरोना काल में आजमगढ़ को लावारिस छोड़ दिया गया। उस वक़्त मोदी जी देश के लोगों का हालचाल ले रहे थे। मैं भी प्रदेश में लोगों के हालचाल ले रहा था और उस समय आजमगढ़ का तीन बार मैंने दौरा किया। हॉस्पिटल, मेडिकल कॉलेज में जाकर लोगों का हालचाल लिया।
अब्बाजन ने लगवा ली वैक्सीन, अब आप लगवा लो
योगी ने कहा कि देश के वैज्ञानिकों ने कोरोना की वैक्सीन बनाई, लेकिन उसे अखिलेश यादव ने यह कहकर खारिज कर दिया कि यह भाजपा की वैक्सीन है। उन्होंने कहा कि अब तो अब्बाजान ने भी लगवा लिया है, अब तो आप भी लगवा लो।
0 Comments