| सेवन ए साइड हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे दिन खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मेट्रो का शुभारंभ करते मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश नारायण शर्मा। ( फोटो न्यूज़ स्ट्रोक ) |
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा। स्वर्गीय श्रीमती शिव देवी स्मृति सेवन ए साइड प्राइज मनी हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को खेले गए मैचों में आगरा स्टेडियम ने अपनी दूसरी जीत दर्ज की। इसके अलावा कृष्णा कॉलेज ने अलीगढ़ हॉकी टीम को बड़े अंतर से हराया। ताज क्लब आगरा और नेशनल स्पोर्ट्स क्लब इलाहाबाद के बीच मैच बराबरी पर छूटा।
प्रतियोगिता के आज के मैचों का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश नारायण शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
दिन के पहले लीग मुकाबले में स्टेडियम आगरा ने मानसी फाउंडेशन मुंबई टीम को 8-5 से हराया। यह आगरा स्टेडियम की दूसरी जीत थी। कल स्टेडियम ने कृष्णा कॉलेज को शिकस्त दी थी। आगरा स्टेडियम की तरफ से खलील और मनीष ने तीन-तीन, विनय और कुणाल पाल ने एक-एक गोल किया। मानसी फाउंडेशन की ओर से कुलदीप और राजा ने दो-दो, गोपाल ने एक गोल किए।
दूसरे मैच में कृष्णा कॉलेज ने बेहतरीन और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए अलीगढ़ हॉकी टीम पर 13-0 के बड़े अंतर से एकतरफा जीत दर्ज की। कृष्णा कॉलेज की ओर से शहबाज ने चार, नसीम ने तीन, नवल और दिलीप शर्मा ने दो-दो गोल किए। सौरव और इरशाद ने एक -एक गोल किया।
तीसरा मैच ताज क्लब आगरा व नेशनल स्पोर्ट्स क्लब के बीच खेला गया। यह मैच 3-3 से बराबर रहा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव सोई, के पी सिंह, धर्मेंद्र सिंह राजपूत, आयुष, लक्ष्मण सिंह राजपूत, डॉ. शंकर यादव, खलील अब्बासी, फिरोज खान, महेश कुमार, मुईन खान, आमिर खान, शिवम शर्मा, मुकेश शर्मा, पूर्व डीएसओ कौशलेंद्र पाल सिंह, मनीष दिवाकर आदि मौजूद रहे।
निर्णायक मंडल में अमिताभ गौतम, शकील खान, अजय कुमार सिंह, मनीष द्विवेदी, रवि जायसवाल, गौरव रौतेला, मोना, संतोष, भरत पाल, राज बहादुर सिंह, सोहल तथा आशीष जैन शामिल रहे।

0 Comments