प्रधानमंत्री ने जताया शोक,
मुआवजे की घोषणा की
कटरा ( जम्मू कश्मीर )। एक तरफ जहां लोग नए साल का जश्न मना रहे थे वहीं माता वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ मचने से 12 लोगों की मौत होने की खबर है। हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। यह हादसा त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित मंदिर के गर्भगृह के बाहर हुआ।
जानकारी के मुताबिक फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और स्थिति नियंत्रण में है। घटना लगभग सुबह 2 बजकर 45 मिनट की है। मंदिर में करीब 70 से 80 हजार श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए पहुंचे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ को लेकर शनिवार की सुबह (1 जनवरी) को गहरा शोक जताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है, माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में लोगों की मौत से अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना।
पीएम ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की है। इसके अलावा पीएम फंड से घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा,केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय जी से बात की और स्थिति का जायज़ा लिया।
जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह के मुताबिक माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में 12 लोगों की मौत हो गई है। ये संख्या बढ भी सकती है। इस घटना में 13 लोग घायल हो गए हैं।
जम्मू-कश्मीर के सांसद जुगल किशोर ने बताया कि श्रद्धालु लाइन में खड़े थे तभी युवा श्रद्धालुओं के दो समूहों के बीच तनातनी हो गई, उसके बाद दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। इसी कारण से वहां भगदड़ हुई।
सोशल मीडिया पर भगदड़ के कुछ वीडियो जारी हुए हैं। इनमें दावा किया जा रहा है कि नए साल के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान भगदड़ मच गई। इसके चलते बहुत से श्रद्धालु बिना दर्शन किए ही वापस लौट रहे हैं। मृतक लोगों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब से आए श्रद्धालु शामिल हैं।
| विज्ञापन |
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. गोपाल दत्त ने बताया, 'माता वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ से 12 लोगों की मौत हो गई है। अब तक सही आंकड़ा सामने नहीं आया है। मृतकों का पोस्टमार्टम किया जाना है। इसके अलावा घायलों को नारायणा अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया है।' अब तक 14 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि यह हादसा तड़के 2:45 बजे हुआ।

0 Comments