| उच्च न्यायालय खंडपीठ स्थापना संघर्ष समिति व फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के तत्वावधान में पश्चिम पुरी में आयोजित नुक्कड़ सभा में मौजूद पदाधिकारी। |
👍नटरांजलि थिएटर आर्ट्स भी आंदोलन से जुड़ा
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा। आगरा में हाईकोर्ट खंडपीठ की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन की कड़ी में उच्च न्यायालय खंडपीठ स्थापना संघर्ष समिति व फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में पश्चिम पुरी चौराहे पर नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लिया।
समर्थन करने पहुंचे ज्यादातर लोगों ने कहा कि उनके कई केस हाईकोर्ट में लंबित है। आगरा से इलाहाबाद हर तारीख पर जाना संभव नहीं होता। पहुंच भी जाते हैं तो कई बार खाली हाथ लौटना पड़ता है। इससे वक़्त और पैसा दोनों बर्बाद होता है। यदि हाईकोर्ट की बेंच आगरा में स्थापित हो जाएगी तो हजारों वादकारीयों को लाभ होगा।
नटरांजलि थिएटर आर्ट्स की निर्देशक अलका सिंह ने कहा कि वह खंडपीठ आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देती हैं और जहां भी आंदोलन को उनकी आवश्यकता होगी, वह हर प्रकार से आंदोलन के साथ हैं।
संघर्ष समिति के संयोजक प्रमोद शर्मा और फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरेश अग्रवाल ने कहा कि नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से व्यापारियों और स्थानीय लोगों से वार्ता का अवसर मिल रहा है। साथ ही आम आदमी की रुचि आंदोलन को प्रभावी बना रही है। सरकार को जनहित में खंडपीठ स्थापना की घोषणा करनी चाहिए।
फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के महामंत्री ब्रजेश पंडित ने कहा कि हम आगरा के हर बाजार में नुक्कड़ सभा के माध्यम से संपर्क करेंगे और आम जनता को जोड़कर जल्द ही एक बृहद धरना प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन की आगामी रणनीति भी तय की जाएगी। सरकार ने घोषणा नहीं की तो हम आगरा बंद भी करेंगे। रेल भी रोकेंगे, चक्का जाम भी करेंगे।
समिति के कार्यवाहक संयोजक चौधरी अजय सिंह व सचिव वीरेंद्र फौजदार ने अपने संबोधन में कहा कि खंडपीठ के लिए हम लाठी-डंडे भी खाएंगे। लखनऊ और दिल्ली भी जाएंगे। खंडपीठ आगरा की जनता का वैधानिक अधिकार है। जस्टिस जसवंत सिंह आयोग की रिपोर्ट को लागू करना ही होगा।
संघर्ष समिति के सचिव हेमंत भारद्वाज ने अपने बयान में कहा कि 21 जनवरी को आगरा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 19 जिलों की बार एसोसिएशन, व्यापारिक संगठन, सामाजिक संगठन व किसानों की एक आम सभा दीवानी प्रांगण में आहूत की गई है। इसमें सामूहिक रूप से आंदोलन की अग्रिम रणनीति तैयार की जाएगी।
नुक्कड़ सभा में फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के रविंद्र अग्रवाल, प्रदीप यादव, धर्मवीर कौशिक, विजय गोयल, महावीर अग्रवाल, मुकेश कुमार, विजय बंसल, गौरव जैन, संजय सैनी, मुकुल मुल्तानी, शशि कुलश्रेष्ठ, प्रकाश कुमार, अखिलेश मिश्रा, अमजद खान, सुभाष पाठक आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

0 Comments