45 प्लस महिलाएं हों या बच्चे,
सभी ने गेम्स में दिखाया दम
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा। दयालबाग स्थित जीत सिंह ढिल्लन क्रिकेट एकेडमी के ग्राउंड पर नये साल के पहले दिन को एक अलग ही ढंग से सेलिब्रेट किया गया। आधा दर्जन से ज्यादा विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं पूरे धमाल के साथ आयोजित हुई। कहीं आवाज आ रही थी भाग सिमरन भाग, ले रन या फिर कैच कैच। तो कहीं 45 प्लस आयु वर्ग की कवलजीत 200 मीटर दौड़ में सबको पीछे छोड़ खूब इतरा रही थीं। बच्चों की बलून और लेमन रेस हो या फिर अविवाहित और विवाहित पुरुषों का मैच। हंसी ठिठोली के बीच पुरुषों ने रोटी बेलने की प्रतियोगिता में भी बढ़ चढ़कर भाग लिया।
महिला-पुरुष और बच्चों ने अलग-अलग गेम्स का लुत्फ उठाया। महिलाओं ने क्रिकेट की पिच पर और अन्य गेम्स में अपना हुनर दिखाया। बच्चों के लिए भी कई मनोरंजक प्रतियोगिता हुईं।
महिला क्रिकेट मैच
महिलाओं के बीच 8 ओवर का एक मैच खेला गया। नीतू इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 77 रन बनाए। इसमें हीर ने 38 रन की नाबाद पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए रिंकी इलेवन ने 3 विकेट खोकर आसानी से जीत हासिल कर ली। तरनजीत ने 45 और सिमरन ढिल्लन ने 15 नाबाद रन बनाए।
मैरिड अनमैरिड मैच (पुरुष)
पुरुष वर्ग के इस मैच में अनमैरिड इलेवन ने 18 रन से जीत दर्ज की। अनमैरिड इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 112 रन बनाए। रमनजीत ने 33 और ग्रेट ने 20 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैरिड इलेवन की टीम 95 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम के लिए हरीश यादव ने 45 रन बनाए। अनमैरिड टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए गुरतेज ने 4 विकेट और रमन ने तीन विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच पुरस्कार रमन और हरीश को दिया गया।
45 प्लस वुमन रेस
45 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग की महिलाओं के लिए 200 मीटर की रेस आयोजित की गई। इसमें महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सबसे आगे निकलने की जबरदस्त होड़ दिखी। इस रेस में कवलजीत कौर विजेता रहीं। बलजीत कौर दूसरे स्थान पर और बलविंदर कौर तीसरे स्थान पर रहीं।
म्यूजिकल चेयर दौड़
महिलाओं के लिए आयोजित इस मनोरंजक खेल में जसप्रीत कौर ने बाजी मारी जबकि गुरप्रीत कौर दूसरे और इशप्रीत कौर तीसरे स्थान पर रहीं।
गर्ल्स-बॉयज लेमन रेस
गर्ल्स और बॉयज वर्ग की इस लेमन रेस में तृप्ति और मनजोत विजेता रहे।
बलून रेस
बलून गर्ल्स रेस में सीरत कौर और बॉयज में ध्रुव विजेता रहे।
रोटी मेकिंग प्रतियोगिता (बॉयज )
इस दिलचस्प प्रतियोगिता में गोल गोल और साफ-सुथरी रोटी बनाने की होड़ जबरदस्त रही। आखिर में इस प्रतियोगिता के आशीष खत्री विजेता बने।
इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि नरेंदर सिंह ढिल्लन रहे। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए इस अवसर पर सरबजीत कौर, इंदरजीत कौर सुजाता जैसवाल, अभिजीत ढिल्लन तेजिंदर सिंह ढिल्लन आदि मौजूद रहे।
| विज्ञापन |

0 Comments