बेबी रानी मौर्य आगरा ग्रामीण
से भाजपा प्रत्याशी घोषित
मुकेश उपाध्याय ( न्यूज़ स्ट्रोक )
आगरा, 15 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी ने आगरा ग्रामीण विधानसभा सीट से उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को टिकट दिया है। इस सीट से निवर्तमान विधायक हेमलता दिवाकर हैं। पिछली बार भी दो महिलाओं को टिकट मिली थी, इस बार भी आंकड़ा बरकरार रखा गया है। रानी पक्षालिका को बाह से फिर उम्मीदवार बनाया गया है।
कुछ महीनों पहले तक उत्तराखंड की राज्यपाल के रूप में जिस 'महामहिम' के दरबार में विधायक अपनी अर्जी लेकर पहुंचते थे और सीएम स्वागत में खड़े रहते थे, अब वह खुद विधायक बनने के लिए जनता के दरबार में अर्जी दे रही हैं।
हालांकि यह सामान्य सी बात है। राज्यपाल पद पर होने के बाद लोग बाद में विधायक और सांसद बनते रहे हैं और आगे भी बनते रहेंगे। यूं भी भारतीय जनता पार्टी की उपाध्यक्ष बेबी रानी मौर्य दिग्गज राजनीतिज्ञ हैं। वर्ष 1995 से 2000 तक आगरा की पहली महिला महापौर बनीं। वर्ष 2001 में, उन्हें उत्तर प्रदेश सामाजिक कल्याण बोर्ड का सदस्य बनाया गया था।फिर 2002 से 2005 तक राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं।
बीजेपी ने 2007 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में एत्मादपुर सीट से चुनाव लड़ने के लिए मौर्य को नामित किया। हालांकि, इस चुनाव में वह अपने बहुजन समाज पार्टी के प्रतिद्वंद्वी नारायण सिंह सुमन से पराजित हो गईं।
बेबी रानी मौर्य को 26 अगस्त 2018 में उत्तराखंड की राजपाल बनाया गया। 8 सितंबर 2021 को उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया और सक्रिय राजनीति में वापसी की। उत्तराखंड से वापस आने के बाद ही बेबी रानी मौर्य को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया।
एक बार फिर वो विधायक बनने के लिए जनता की अदालत में है।
0 Comments