चुनाव प्रचार में व्यापारियों से
सीधा किया संवाद, मांगे वोट
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 28 जनवरी। कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए आगरा आए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मोदी और योगी, दोनों ही सरकारों पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में उद्योग और व्यापार ठप है, व्यापारी परेशान हैं।
आगरा उत्तर विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार विनोद बंसल के समर्थन में बाईपास मार्ग स्थित उत्सव मैरिज होम में क्षेत्र के व्यापारियों से संवाद करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि नोटबन्दी, जीएसटी और लॉक डाउन जैसे फ़ैसलों से व्यापार और व्यापारी पूरी तरह बर्बाद हो गये। सीएम ने व्यापारियों से कहा कि जाति-धर्म के नाम पर वोट देते हो तो फिर व्यापार की समस्या कैसे दूर होगी? शहर की समस्या कैसे दूर होगी? जन समस्याएं कैसे दूर होंगी?
उन्होंने कहा कि आपको अपनी समस्याओं और अपने मुद्दों पर वोट करना चाहिए। बघेल ने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग गाय के नाम पर वोट लेते हैं पर गाय की सेवा नहीं करते। अकेला हिंदुस्तान ऐसा देश है जहां गाय दूध देने से ज्यादा वोट दिलवाने के काम आती है। गौशाला में गौमाता दुबली हो रही है जबकि गौशाला चलाने वाले मोटे हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ सीएम ने इस अवसर पर कॉन्ग्रेस पार्टी में पश्चिमी उत्तर प्रदेश व्यापार प्रकोष्ठ के चेयरमैन एवं उत्तर विधानसभा के प्रत्याशी श्री विनोद बंसल को व्यापारियों और शहर वासियों का हितेषी बताते हुए भारी बहुमत से जिताने की अपील की।
इस दौरान व्यापारियों ने फाउंड्री उद्योग, लघु उद्योग और जूता उद्योग की बदहाली के साथ-साथ आलू उत्पादक किसानों की समस्या, प्रोसेसिंग यूनिट का अभाव और खंडपीठ की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के संवाद कार्यक्रम से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के आगरा के अध्यक्ष संजय शर्मा ने कांग्रेस की सदस्यता माननीय मुख्यमंत्री जी के हाथों ग्रहण की।
समारोह में उत्तर विधानसभा के प्रत्याशी विनोद बंसल, आगरा महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चुल्लू, कांग्रेस पर्यवेक्षक जितेंद्र चंदेलिया, कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू, व्यापार प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष राघवेंद्र उपाध्याय और मधुरिमा शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। कवि कुमार ललित ने संचालन किया। प्रकाश गुप्ता, ब्रजमोहन शर्मा एडवोकेट, एसके समाधिया, मोहित बंसल, हाकिम सिंह, हरिदत्त शर्मा और अंकुर अग्रवाल भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
0 Comments