![]() |
धरने पर बैठे भाजपा विधायक जी एस धर्मेश। |
-पूर्व मंत्री बोले, पुलिस नहीं करती सुनवाई, इंस्पेक्टर हटाए जाएं
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 01 नवम्बर। केंद्र और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और आगरा में भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री डाक्टर जीएस धर्मेश को ही धरना देना पड़ रहा है। विधायक मंगलवार की शाम को सदर थाने में धरने पर बैठ गए। विधायक ने आरोप लगाया कि थाने की पुलिस लोगों की समस्याओं की सुनवाई नहीं करती। जिसके चलते उन्हें धरने पर बैठना पड़ा है। विधायक और उनके साथ धरने पर बैठे क्षेत्रीय लोग प्रभारी निरीक्षक को हटाने की मांग कर रहे थे।
प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं छावनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. जीएस धर्मेश मंगलवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे सदर थाने पहुंचने के बाद धरने पर बैठ गए। विधायक का कहना था कि उन्होंने छेड़छाड़ के एक मामले में पुलिस से कार्यवाही करने की कहा था। इसके बावजूद पुलिस ने अभियोग पंजीकृत नहीं किया। विधायक के साथ धरने पर बैठे लोग प्रभारी निरीक्षक को हटाने की मांग कर रहे थे। विधायक के धरने पर बैठने की जानकारी होने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। वह विधायक को मनाने का प्रयास करने में जुटे रहे।
0 Comments