मिजाज ए मौसम: कहीं गरजेगा कहीं बरसेगा तो कहीं चलेंगी गर्म हवाएं


आगरा, 16 अप्रैल (न्यूज़ स्ट्रोक )। गर्मी का सितम शुरू हो चुका है। रविवार सुबह की शुरूआत भी भीषण गर्मी के साथ शुरू हुई। सुबह से ही सूर्य देव ने जलाना शुरू कर दिया। हालांकि सुबह के समय कुछ देर के लिए आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन उसके बाद फिर से तपिश का कहर शुरू हो गया। आगरा में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा मैनपुरी, आगरा, फिरोजाबाद में गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि रविवार को पश्चिम उत्तर प्रदेश के आइसोलेटेड स्थानों पर हीटवेव चलने के साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि 16 व 17 अप्रैल को आमतौर पर मौसम सूखा रहेगा। 18 अप्रैल से 20 अप्रैल तक पश्चिमी तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के आइसोलेटेड स्थानों पर गरज व चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। आगामी 48 घंटों तक 2 डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। इसके बाद 2 से लेकर 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान में कमी होगी।


इससे पूर्व आगरा शनिवार को प्रदेश में दूसरा गर्म शहर रहा। दिन में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है, लेकिन रात 10 बजे के बाद तेज हवाओं के साथ कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया।
पश्चिमी विक्षोभ उत्पन्न होने के कारण मौसम में कुछ परिवर्तन हुआ है। इससे पूर्व बाराबंकी, गोंडा, अयोध्या, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, गोरखपुर, कुशीनगर व आसपास के जिलों में गरज और चमक के साथ एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
पर्यटकों की संख्या में आई कमी
बेहद तेज गर्मी के कारण ताजमहल में पर्यटकों की संख्या में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है। बीते शनिवार ताजमहल पर 47 हजार पर्यटक आए थे, जबकि इस बार इनकी संख्या 28 हजार ही रही है। ताज के दोनों गेटों और अंदर म्यूजियम की ओर पानी के नलों से ठंडे पानी की तलाश में पर्यटक परेशान रहे।
 विभिन्न पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या
  •  ताजमहल 28,948
  • आगरा किला 4777
  • फतेहपुर सीकरी 774
  • सिकंदरा 586
  • एत्मादुदौला 547
  • महताब बाग 257
  •  मरियम  टोम्ब 55
  • रामबाग 46

Post a Comment

0 Comments