![]() | |
|
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 23 अगस्त। हर भारतीय के लिए गर्व से सीना चौड़ा करने और मस्तक ऊंचा करने का समय है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने आज बुधवार को अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस लैंडर मॉड्यूल की ‘सॉफ्ट लैंडिग’ कराने में सफलता हासिल की। इसके साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने वाला दुनिया का पहला देश तथा चांद की सतह पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया।
इससे पहले अमेरिका, पूर्ववर्ती सोवियत संघ और चीन के नाम ही यह रिकॉर्ड था, लेकिन ये देश भी अब तक चांद के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र पर विजय प्राप्त नहीं कर पाए हैं। भारत के अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने यह साहसिक कारनामा सफलतापूर्वक कर दिखाया है।
भारत की इस शानदार उपलब्धि पर समूचा देश गर्वित महसूस कर रहा है। जगह-जगह जश्न मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सिंधी सेंट्रल पंचायत आगरा के पदाधिकारियों ने सभी को बधाई दी और मिठाई खिलाई। संगठन के मुख्य संरक्षक गागन दास रामानी, अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी, घनश्याम दास देवनानी, मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी ने कहा कि यह नरेंद्र मोदी सरकार की, भारतीय वैज्ञानिकों की बहुत बड़ी सफलता है। इसने भारत का मान बढ़ाया है। भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नई ऊंचाइयों को छू रहा है और युवा सपने देखने वालों की पीढ़ियों को प्रेरित कर रहा है।
किशोर बुधरानी, परमानंद आतवानी, जयरामदास होतचंदानी, भजनलाल, सुशील नोतनानी, अशोक कोडवानी, दौलत राम खूबनानी, जगदीश डोडानी, राजकुमार गुरनानी , अमृत मखीजा, किशोर बुधरानी, रोहित आयलानी एवं समस्त पदाधिकारी मोहल्ला पंचायत पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि मंगल पर तो पहले पहुंचे थे, अब चांद विजय भी कर लिया। हर भारतवासी खुश है, जब चंद्रयान लैंडिंग कर गया।
0 Comments