पंजाब में पीएम की सुरक्षा में बड़ी चूक, 20 मिनट जाम में फंसे मोदी

पीएम ने कसा तंज, अफसरों

से बोले-सीएम को शुक्रिया

कहना, मैं जिंदा लौट पाया 



-पंजाब में बुधवार को सुरक्षा कारणों से फिरोजपुर रैली रद्द

- गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार से मांगी विस्तृत रिपोर्ट

न्यूज़ स्ट्रोक

नई दिल्ली। पंजाब में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में एक बड़ी चूक उस समय सामने आई जब सड़क मार्ग से जाते समय एक वह फ्लाईओवर पर लगे जाम में करीब 20 मिनट के लिए फंस गए। इस बड़ी चूक के चलते प्रधानमंत्री की रैली रद्द कर दी गई है। यह रैली फिरोजपुर में होने वाली थी।
दरअसल कुछ प्रदर्शनकारियों ने रास्ते को अवरुद्ध कर दिया। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस घटना को प्रधानमंत्री की सुरक्षा में 'गंभीर चूक' करार दिया है। गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से इस बारे में रिपोर्ट मांगी है।
रैली रद्द होने के बाद जब नरेंद्र मोदी बठिंडा एयरपोर्ट वापस पहुंचे तो उन्होंने भी पंजाब की कांग्रेस सरकार पर तंज कसा। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मोदी ने एयरपोर्ट के अधिकारियों से कहा, अपने मुख्यमंत्री को मेरा शुक्रिया कहना कि मैं बठिंडा एयरपोर्ट तक जिंदा पहुंच सका।


वहीं भाजपा के प्रधान जेपी नड्डा ने कहा कि यह दुख की बात है कि पंजाब के लिए हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं को शुरू करने के लिए पीएम का दौरा बाधित हो गया। राज्य पुलिस को लोगों को रैली में शामिल होने से रोकने के निर्देश दिए गए...मुख्यमंत्री चन्नी ने फोन पर बात करने या इसे हल करने से इनकार कर दिया। 
इससे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने मंच से जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आज फिरोजपुर नहीं आ रहे हैं, उनका फिरोजपुर दौरा स्थगित कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है कि किसान मजदूर संघर्ष समिति के बैनर तले किसानों ने गुरदासपुर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। पीएम मोदी का काफिला इसी रास्ते से होकर गुजरना था, लेकिन हाईवे जाम होने की वजह से प्रधानमंत्री का काफिला करीब 20 मिनट तक रुका रहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह बठिंडा पहुंचे, जहां से उन्हें हेलिकॉप्टर से हुसैनीवाला स्थित राष्ट्रीय शहीद स्मारक जाना था। बारिश और खराब विजिबिलिटी के चलते पीएम ने करीब 20 मिनट तक मौसम साफ होने का इंतजार किया। जब मौसम में सुधार नहीं हुआ, तो यह तय किया गया कि वह सड़क मार्ग से जायेंगे।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और यात्रा की योजना के बारे में पंजाब सरकार को पहले ही बता दिया गया था। प्रक्रिया के अनुसार उन्हें रसद, सुरक्षा के साथ-साथ आकस्मिक योजना तैयार रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था करनी थी। साथ ही आकस्मिक योजना के मद्देनजर पंजाब सरकार को सड़क मार्ग से किसी भी आंदोलन को सुरक्षित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा तैनात करनी थी, जिसमें स्पष्ट रूप से कमी दिखी।
भाजपा ने कहा कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम रद्द होना कांग्रेस की साजिश है। उधर किसानों ने दावा किया है कि रैली रद्द होने की वजह किसानों का विरोध और पंजाबियों में मोदी की अस्वीकार्यता है। इससे पहले बताया जा रहा था कि खराब मौसम या कोरोना की वजह से मोदी की रैली को रद्द किया गया है।





Post a Comment

0 Comments