श्रीखाटू श्याम मंदिर में श्री श्याम फाल्गुनी महोत्सव के तहत आज हुई इत्र व मेवा की होली

न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 15 मार्च । गुलाब, खस, केवड़ा, मोगरा, चंदन जैसे विभिन्न फूलों की सुगंध से महकता श्याम बाबा का दरबार। खाटू नरेश के भजनों पर झूमते भक्त और उन के ऊपर होती इत्र की बरसात। जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम जी के मंदिर में आज इत्र की होली का आयोजन किया गया। फाल्गुनी वार्षिकोत्सव के तहत मंदिर में आज विशेष फूल बंगला व बाबा का श्रंगार किया गया।
 खाटू नरेश के अलौकिक दर्शन के लिए भक्तजनों की भीड़ उमड़ती रही। भक्तों ने इत्र की होली का भी उमंग के साथ आनन्द लिया। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल मित्तल ने बताया कि श्याम बाबा के मंदिर में इत्र की होली के लिए विशेषतौर पर कन्नौज से इत्र मंगाया गया। जिन्हें प्रसाद के रूप में भक्तों में वितरित किया गया। सतरंगी फूलों की 51 मालों से बाबा का श्रंगार किया गया। संध्या आरती के बाद आयोजित भजन संध्या में हजारों श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ शामिल हुए।
बुधवार को फूलों की होली का आयोजन किया जाएगा।इस अवसर पर मुख्य रूप से अध्यक्ष अनिल मित्तल, अरुण मित्तल, विपिन बंसल, विकास गोयल, हेमेन्द्र अग्रवाल, ईशांत अग्रवाल, संजय अग्रवाल, कृष्णा मिश्रा, सुलभ उपाध्याय, नवरत्न शर्मा, सुनील शुक्ला, सतवीर महाराज आदि उपस्थित थे।