श्रीकिशोरी संग कान्हा खेलेंगे
होली, गोपियों से होगी ठिठोली
👉17 मार्च को होगा बृज महोत्सव समिति का होली महोत्सव, कमला नगर बरसाना, बल्केश्वर बनेगा नंदगांव
👉सरस्वती विद्या मंदिर, कमला नगर बनेगा बरसाने की बाखर, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी होगा आयोजन
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 15 मार्च। आप सभी का बरसाने की बाखर में होली का आमंत्रण है, जहां श्रीकिशोरी संग कान्हा होली खेलेंगे। ग्वाल-बाल गोपियों संग ठिठोली करेंगे।
गुरुवार 17 मार्च को ब्रज महोत्सव समिति द्वारा होली महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। बल्केश्वर नंदगांव और कमला नगर बरसाना धाम के रूप में सजेगा। गुरुवार को दोपहर दो बजे श्रीकृष्ण बलराम की शोभायात्रा खाटू श्याम जी के डोले संग बल्केश्वर महादेव मंदिर से व राधारानी का डोला (साथ में होगी बांके बिहारी की झांकी) कावेरी मंदिर कमला नगर से प्रारम्भ होकर बरसाने की बाखर के रूप में सजे कमला नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में शाम पांच बजे पहुंचेगी। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम (मयूर नृत्य, डांडिया, महारास, फूलों की होली, महाआरती ग्यारह सौ दीपकों से) का आयोजन होगा। प्रसाद वितरण होगा
कमला नगर स्थित टैम्पटेशन होटल में आयोजित पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में समिति के सदस्यों ने शहरवासियों को आमंत्रित करते हुए बताया कि श्रीकृष्ण की शोभायात्रा में नंदबाबा और यशोदा मैया के स्वरूप में संजीव कुमार गुप्ता व सुधा गुप्ता का डोला और राधारानी के डोले संग वृषभान व सुकीर्ति के स्वरूप में मुरारीलाल गोयल व सुमन गोयल का डोला ढोल नगाड़ों संग धूमधाम से निकलेगा। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत प्रचारक हरीश रौतेला होंगे। कल 16 मार्च को प्रातः 8 बजे कावेरी मंदिर कमला नगर से दोपहिया वाहनों पर आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से श्याम किशोर गुप्ता ब्रजप्रांत प्रमुख सेवा भारती, संरक्षक सुनील विकल, ताराचंद मित्तल, उपाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, वीके अग्रवाल, संयोजक हरिओम बाबा पार्षद, विमल गुप्ता, पंकज अग्रवाल, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी राज बहादुर राज, राधारानी शोभायात्रा प्रभारी मुकेश अग्रवाल, ब्रजकिशोर अग्रवाल, रमन अग्रवाल मौजूद रहे।

0 Comments