सांसद खेल स्पर्धा के लिए
हजारों लोग हो रहे तैयार
-सुबह सात बजे आगरा कालेज से एकलव्य स्पोर्ट्स
स्टेडियम तक होगी मिनी मैराथन
- इसके बाद होंगी 24 नवंबर तक 14 खेलों की
स्पर्धाएं, जो स्टेडियम में खेली जाएंगी
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा। कल 21 नवंबर से 24 नवंबर तक आगरा पूरे उत्साह के साथ भागदौड़ के लिए तैयार है। कल आगरा के हजारों लोग सड़क पर होंगे। एक साथ दौड़ेंगे। केंद्रीय विधि व न्याय राज्य मंत्री प्रो.एस पी सिंह बघेल के निर्देशन में होने वाली सांसद खेल स्पर्धा के प्रति लोगों में जोश हाई लेवल पर है।
सांसद खेल स्पर्धा 21 से 24 नवम्बर तक आयोजित की जा रही है। 21 को सुबह सात बजे आगरा कालेज से एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम तक मिनी मैराथन होगी। मिनी मैराथन को रन फॉर ग्रीनरी नाम दिया गया है। इस दौड़ में सभी संगठन अपने बैनर व प्ले कार्ड लेकर शामिल होंगे।इसके बाद स्टेडियम पर मार्च पास्ट के साथ खेल स्पर्धाओं का शुभारंभ हो जाएगा। केंद्रीय विधि व कानून मंत्री किरण रिजिजू मुख्य अतिथि होंगे।
केंद्रीय मंत्री रिजिजू आगरा कालेज मैदान पर मैराथन को फ्लैग ऑफ करेंगे। इसके बाद सुबह 10.30 बजे स्टेडियम पर मार्च पास्ट की सलामी लेकर चार दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान एसपी सिंह बघेल बघेल समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
इससे पूर्व कल शुक्रवार को स्टेडियम में केंद्रीय मंत्री बघेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में बताया गया कि मिनी मैराथन में शहरभर के पांच हज़ार से अधिक खिलाड़ी और हजारों की संख्या में विभिन्न संगठनों के लोग भाग लेंगे। पंजीकरण कराने वाले खिलाड़ियों को सुबह पांच बजे से आगरा कालेज मैदान पर टी-शर्ट्स प्रदान की जाएंगी। यहां संक्षिप्त सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा।
मिनी मैराथन की समाप्ति पर स्टेडियम में होने वाले मार्च पास्ट में सभी खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ी भाग लेंगे। मार्च पास्ट में शहर के प्रमुख बैंड-वादक भी मधुर ध्वनियां बिखेरेंगे। स्टेडियम में सुधीर नारायण के नेतृत्व में सांसद खेल स्पर्धा का थीम गीत भी प्रस्तुत किया जाएगा।
मार्च पास्ट के बाद सभी खेलों की प्रतियोगिताएं भी शुरू हो जाएंगी।
खेल संगठनों ने कमर कसी
आगरा ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव राहुल पालीवाल समेत खेल संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि खेल आयोजन को सफल बनाने के लिए जी जान से जुटे हुए हैं। राहुल पालीवाल ने बताया कि खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को लंच दिया जाएगा। सर्टिफिकेट दिए जाएंगे। विनर्स को मेडल और ट्रैक सूट समेत बहुत कुछ इनाम में दिया जाएगा। आगरा हॉकी संघ के सचिव संजय गौतम ने हॉकी स्पर्धा में ज्यादा से ज्यादा टीमों के भाग लेने की अपील की है।
0 Comments