मास्को, 22 फरवरी। रूस और यूक्रेन के बीच जारी तनाव के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थित अलगाववादी क्षेत्रों की स्वतंत्रता को मान्यता दे दी है। रूस के इस कदम के बाद अमेरिका ने सख्त ऐलान किया है। कई वित्तीय प्रतिबंध लगा दिए गए हैं।
राष्ट्रपति पुतिन के ऐलान के पहले क्रेमलिन ने बयान में कहा कि रूस के मान्यता देने के फैसले से फ्रांस और जर्मनी के नेताओं को सूचित कर दिया गया है।
अंतर्राष्ट्रीय खबरों में कहा गया है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थित अलगाववादी क्षेत्रों (डोनेत्स्क और लुहांस्क) की स्वतंत्रता को मान्यता दे दी है। इसके बाद संयुक्त राज्य अमेरिका ने पूर्वी यूक्रेन में विद्रोही क्षेत्रों के खिलाफ वित्तीय प्रतिबंधों की घोषणा की। अमेरिका ने चेतावनी दी है कि आवश्यक्ता पड़ने पर और भी कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं। पूर्वी यूक्रेन पर रूसी घोषणा पर व्हाइट हाउस से जारी बयान के बारे में बताते हुए प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा कि राष्ट्रपति बाइडेन जल्द ही एक कार्यकारी आदेश जारी करेंगे जो अमेरिकी नागरिकों को यूक्रेन के तथाकथित डीएनआर (डोनेत्स्क) और एलएनआर (लुहांस्क) क्षेत्रों में नए निवेश, व्यापार और वित्तपोषण करने से प्रतिबंधित करेगा।
बयान में कहा गया है, ‘कार्यकारी आदेश यूक्रेन के उन क्षेत्रों में काम करने के लिए निर्धारित किसी भी व्यक्ति पर प्रतिबंध लगाने का अधिकार भी प्रदान करेगा। विदेश मंत्रालय और ट्रेजरी विभागों को जल्द ही इस बारे में अतिरिक्त विवरण दिया जाएगा। जेन साकी ने कहा कि ‘हम जल्द ही रूस की अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के आज के घोर उल्लंघन से संबंधित अतिरिक्त उपायों की भी घोषणा करेंगे।
0 Comments