दिनदहाड़े सर्राफ की दुकान को लूटने वाले मुठभेड़ में गिरफ्तार



न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 18 जून। ताजनगरी आगरा की थाना सदर पुलिस की देर रात चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गयी। रोकने पर अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पिस्टल, अपाचे बाइक, नकदी और आभूषण बरामद हुए हैं। अपराधियों ने थाना सदर में दिन दहाड़े सर्राफ की दुकान में लूट की वारदात कबूल की है।
एसएसपी सुधीर कुमार ने बताया कि थाना सदर प्रभारी धर्मेंद्र दहिया बीती रात रोहता नहर के पास फोर्स के साथ चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो लोग पुलिस को देखकर गाड़ी घुमा कर वापस लौटने लगे। शक होने पर पुलिस ने उन्हें रोका तो भागने लगे। ऐसे में उनकी बाइक गिर गई। वो पैदल ही भागने लगे। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की। इसके बाद भी पुलिस ने हिम्मत दिखाते हुए उन्हें घेर कर पकड़ लिया। आरोपियों के पास से 32 बोर की एक पिस्टल और एक रिवाल्वर, नम्बर प्लेट कटी हुई अपाचे बाइक, 50 हजार नकद और आभूषण बरामद हुए हैं।
पकड़े गए आरोपियों के नाम अजय कुमार निवासी ताजगंज और राजेश निवासी शाहगंज हैं। आरोपी अजय कुमार पूर्व में एत्मादुदौला थाने से गोली मारकर लूट के मामले में पकड़ा जा चुका है। पकड़ी गई बाइक भी चोरी की है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एसएस रोड स्थित पायल ज्वेलर्स को दिन दहाड़े तमंचे के दम पर लूटा था। लूट के माल को बेचने के लिए जाते समय पुलिस ने पकड़ लिया। ज्वेलर्स ने आभूषणों को देख कर अपने यहां का होने की पुष्टि की है।

Post a Comment

0 Comments