- सोशल मीडिया पर सपा सुप्रीमो ने कसा तंज, कहा कि भाजपा राज में पुलिस की सुरक्षा में भी विशेष पुलिस बनाई जाए
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा 13 जुलाई । ताजनगरी में सनसनीखेज की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस की सुरक्षा को मखौल बनाते हुए बदमाशों ने साबित कर दिया कि उनमें पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। दीवानी जैसी जगह जहां पुलिस और अधिवक्ता ही रहते हैं, वहां से दिनदहाड़े गैंगस्टर के आरोपी को छुड़ा ले जाना पुलिस को आईना दिखाने जैसा है। पुलिस भले ही अपराधियों को पकड़कर पीठ थपथपा लेती है लेकिन इस दुस्साहसिक घटना ने साबित कर दिखाया है कि पुलिस का इकबाल खत्म हो गया है। इस घटना के बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने सरकार पर तंज भी कसा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।
गौरतलब है कि जिला जेल से बुधवार को दीवानी में पेशी पर आए गैंगस्टर विनय श्रोत्रिय को उसके साथियों ने पुलिस पर हमला बोलकर छुड़ा लिया। हमले में एक सिपाही श्यामवीर सिंह भी घायल हो गया।
फिरोजाबाद के थाना लाइनपार स्थित गांव रूपकपुर निवासी विनय श्रोत्रिय उर्फ विनय शर्मा पुत्र दिनेश शर्मा जिला जेल में 15 दिसंबर 2018 से बंद है। उसे बरहन थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। विनय श्रोत्रिय का पूरा गैंग है, जिसका बरहन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। उसे बुधवार की दोपहर जिला जेल से डकैती कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। परिसर में पहले से मौजूद उसके चार साथियों ने सिपाही पर अचानक हमला बोल दिया। पुलिस के चंगुल से छुड़ाकर उसे अपने साथ ले गए। इस मामले में सपा सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में पुलिस की सुरक्षा के लिए भी विशेष पुलिस का गठन किया जाए।
हमलावरों ने सिपाही पर किया ईंट से हमला
सिपाही ने बताया कि उस पर ईंट से प्रहार किया गया था। हमलावरों द्वारा हमले के बाद घायल सिपाही को देख लोग जुट गए। मौके पर अधिवक्ता पहुंच गए और सूचना पर दीवानी सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी भी आ गए। उन्होंने गेट की तलाशी की लेकिन फरार आरोपी का पता नहीं चल सका। उसके बाद एसपी सिटी विकास कुमार फोर्स के साथ पहुंचे।
30 से ज्यादा आपराधिक मामले हैं दर्ज
जिस गैंगस्टर विनय श्रोतिया उर्फ़ विनय शर्मा को उसके साथी छुड़ा ले गए उसके खिलाफ फिरोजाबाद, आगरा और एटा जनपद में करीब 30 मुक़दमे दर्ज हैं। इसमें डकैती, हत्या का प्रयास और अपहरण जैसे संगीन अपराध शामिल हैं।
दीवानी न्यायालय परिसर में हुई घटना के बाद आईजी नचिकेता झा और एसएसपी प्रभाकर चौधरी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने गैंगस्टर व अन्य आरोपियों की तलाश में चेकिंग शुरू करा दी है। लेकिन अदालत के बाहर इस तरह की वारदात से कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अनेक सवाल खड़े हो रहे है।
हथकड़ी पहने ही भाग गया
हैरानी की बात तो यह है कि आरोपी हथकड़ी पहने भाग गया। इससे अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। जानकारी होते ही मौके पर अधिवक्ता पहुंच गए। सूचना पर दीवानी सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी आ गए। उन्होंने गेट पर तलाशी की लेकिन फरार आरोपी का पता नहीं चल सका। बाद में एसपी सिटी विकास कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। एसपी सिटी ने बताया कि सिपाही पर हमला कर आरोपी को छुड़ाया गया है। उसकी तलाश की जा रही है। घायल सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं फिरोजाबाद पुलिस को सक्रिय किया है। एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छह टीमें बनाई गई हैं। पुलिस टीम जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।


0 Comments