सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा को लगाई फटकार, कहा-पूरे देश से माफी मांगें


- देश भर में अशांति खिलाने के लिए नूपुर शर्मा अकेली जिम्मेदार
- नूपुर के खिलाफ कार्रवाई ना होने पर पुलिस को भी फटकार 

न्यूज़ स्ट्रोक
नई दिल्ली, 01 जुलाई । सुप्रीम कोर्ट ने बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा को कड़ी फटकार लगाई है। सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा की ही अर्ज़ी पर सुनवाई करते हुए कहा है कि शर्मा के बयान ने पूरे देश में अशांति फैला दी। ऐसे में नूपुर शर्मा को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।
नूपुर शर्मा ने मोहम्मद साहब को लेकर टीवी डिबेट के दौरान विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद देशभर में उनके इस बयान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ था। गल्फ देशों ने भी नूपुर शर्मा के बयान की निंदा की थी। इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि देशभर में जो हो रहा है उसके लिए नूपुर शर्मा अकेले जिम्मेदार हैं।
नूपुर शर्मा ने पैग़ंबर विवाद में उनके ख़िलाफ़ देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज हुई सभी एफ़आईआर को दिल्ली शिफ़्ट करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अर्ज़ी दी थी।
न्यायाधीश सूर्यकांत और जेबी परदीवाला की बेंच ने शर्मा की अर्ज़ी पर विचार करने से इनकार करते हुए उन्हें हाई कोर्ट जाने को कहा है। इसके बाद नूपुर शर्मा ने सर्वोच्च न्यायालय से अपनी अर्ज़ी वापस ले ली।
जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि हमने उस टीवी डिबेट को देखा, जिसमें वह उकसाती हैं। लेकिन जिस तरह से उन्होंने यह सब कहा और बाद में उन्होंने कहा कि वह वकील हैं, यह शर्मनाक है। उन्हें पूरे देश से इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
नूपुर शर्मा ने अपनी याचिका में कहा है कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है। जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि नूपुर शर्मा को धमकी मिल रही है या फिर वह खुद सुरक्षा के लिए खतरा बन गई हैं। जिस तरह से उन्होंने पूरे देश में लोगों की भावनाओं को भड़काया है, उससे खुद सुरक्षा को खतरा खड़ा हुआ है। पूरे देश में आज जो हो रहा है उसके लिए यह महिला अकेले जिम्मेदार है।
इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा के खिलाफ सभी एफआईआर को दिल्ली ट्रांसफर करने से इनकार कर दिया है। जिसके बाद नूपुर शर्मा ने अपनी याचिका को सुप्रीम कोर्ट से वापस ले लिया है। कोर्ट ने कहा कि जब आप किसी के खिलाफ शिकायत करते हैं तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाता है लेकिन नूपुर शर्मा को छूने की किसी की हिम्मत नहीं हुई, इससे आपकी ताकत का अंदाजा लगता है।
गौर करने वाली बात है कि जिस तरह से नूपुर शर्मा ने टीवी डिबेट के दौरान मोहम्मद साहब को लेकर टिप्पणी की थी उसके बाद भाजपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था और पार्टी ने उनके बयान से किनारा कर लिया था। नूपुर शर्मा के बयान के बाद लगातार उन्हें गिरफ्तार किए जाने की मांग हो रही है।

कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को भी लगाई फटकार
सुप्रीम कोर्ट ने नुपूर शर्मा के खिलाफ कड़ी टिप्पणी करने के साथ ही दिल्ली पुलिस को भी लगाई फटकार और कहा कि आपने इस केस में क्या किया, ये बताएं। कोर्ट ने कहा कि हमारा मुंह ना खुलवाएं। दिल्ली पुलिस ने रेड कार्पेट बिछाया.


Post a Comment

0 Comments