बांके बिहारी मंदिर मथुरा में भारी भीड़ से हादसा, दम घुटने से दो की मौत



न्यूज़ स्ट्रोक
मथुरा/आगरा, 20 अगस्त। जन्‍माष्‍टमी पर जहां पूरे देश में भगवान श्रीकृष्‍ण की पूजा-अर्चना की जा रही थी वहीं यूपी के मथुरा में हादसा हो गया। वृंदावन में स्थित बांके बिहारी के प्रसिद्ध मंदिर में देर रात भारी भीड़ जुटी और इस भीड़ में अव्‍यवस्‍था फैल गई। इस दौरान दम घुटने के कारण एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई। श्रद्धालु बड़ी तादाद में दर्शन के लिए बांके बिहारी मंदिर पहुंचे थे। यहां भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि पैर रखने की जगह नहीं थी। जिसकी वजह से लोगों का दम घुटा।
कई लोगों की हालत बिगड़ गई, जिन्हें पुलिस ने बड़ी मुश्किल से भीड़ से निकाला। जिन दो लोगों की मौत हुई उनके परिवारीजन बिना पोस्‍टमार्टम ही शवों को अपने साथ ले लगे। इनमे नोएडा सेक्टर 99 निवासी महिला निर्मला देवी व वृन्दावन के रुक्मिणी विहार कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय राम प्रसाद विश्वकर्मा की मौत हो गई। राम प्रसाद मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले थे।
लोगों के मुताबिक भीड़ इतनी ज्यादा थी कि करीब 50 से ज्यादा लोग बेहोश होकर गिर पड़े. मंदिर के सेवादारों का आरोप है कि अधिकारियों ने वीआईपी के नाम पर अपना रुतबा दिखाया और अपने परिजनों को विशेष सुविधाएं दी। दूसरी ओर ऐसा महसूस हुआ कि प्रशासन ने इस मंगला आरती पर होने वाली भीड़ और इंतजाम को बहुत हल्के में लिया।
 साल में एक बार होती है या मंगल आरती 
बता दें कि बांकेबिहारी में शुक्रवार की आधी रात जन्माष्टमी पर अपार भीड़ थी। रात 1.55 बजे मंगला आरती शुरू हुई। ये साल में सिर्फ एक बार होती है। इसलिए इस दौरान भीड़ का दबाव अचानक बढ़ गया।
चार नंबर गेट पर एक श्रद्धालु के बेहोश होने के कारण हुआ हादसा
मंदिर के दो निकास द्वार हैं। चार नंबर और एक नंबर। चार नंबर गेट पर एक श्रद्धालु दम घुटने के कारण बेहोश हो गया। उसे पुलिस कर्मी जब तक निकालते तब तक मंदिर से निकलने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक जमा हो गई। जिसकी वजह से अन्य श्रद्धालुओं का दम घुटने लगा और हादसा हो गया। 
डीएम-एसपी समेत भारी पुलिस बल था मौजूद
मंदिर में जिस समय हादसा हुआ उस समय डीएम, एसएसपी, नगर आयुक्त सहित भारी पुलिस बल मौजूद था। हादसा होते ही पुलिस और निजी सुरक्षा कर्मियों ने बेहोश हो रहे श्रद्धालुओं को मंदिर से निकालना शुरू कर दिया। इस हादसे में घायल हुए श्रद्धालुओं को वृंदावन के राम कृष्ण मिशन, ब्रज हेल्थ केयर और सौ शैय्या अस्पताल भेजा गया।
 सीएम योगी ने जताया दुख
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि  मथुरा के श्री बांके बिहारी मंदिर परिसर में हादसे में हुई जनहानि अत्यंत हृदय विदारक है। घायलों के समुचित उपचार हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। परमपिता दिवंगत आत्माओं को शांति व शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करें। ॐ शांति!

Post a Comment

0 Comments