आगरा बना सब जूनियर स्टेट हॉकी चैंपियन

 


-माध्यमिक विद्यालयों की इस अंडर-15 प्रदेशीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन

न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 06 सितंबर। मिर्जापुर में खेली गई  माध्यमिक विद्यालयीय अंडर-15 प्रदेशीय हॉकी प्रतियोगिता आगरा मंडल ने जीत ली है। आगरा की इस मंडलीय टीम के रूप में आगरा के डीबीएसएस खालसा इंटर कॉलेज की टीम ने प्रतिभाग किया। फाइनल में आगरा ने बनारस स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीम को 2-1 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया।  
इससे पूर्व आगरा मंडल की टीम ने लखनऊ को 4-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। सेमीफाइनल मैच में आगरा मंडल ने कानपुर को 4-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई।
फाइनल मुकाबला बनारस के स्पोर्ट्स हॉस्टल से हुआ। इस सशक्त टीम के खिलाफ आगरा ने पहले क्वार्टर में 1-0 की बढ़त बनाई। दूसरा-तीसरा क्वार्टर गोल रहित रहा। चौथे क्वार्टर में बनारस ने तीसरे मिनट में शानदार फील्ड गोल कर मैच को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद आगरा ने आक्रामक खेल दिखाया लेकिन गोल नहीं हो सका। जब अंतिम दो मिनट का खेल शेष रह गया तब कोच केपी सिंह यादव और तकनीकि अधिकारी अजय कुमार ने सिंह ने टीम के खिलाडिय़ों से बातचीत की और रणनीति बनाई। इस पर आगरा टीम के लिए दुर्गेश ने विजयी गोल दाग कर आगरा को प्रदेश विजेता बनाने में अहम योगदान दिया। 
टीम के अधिकांश खिलाड़ी सुखजीवन एकेडमी में पूर्व सीनियर हॉकी खिलाड़ी राजीव सोई और जगदीप साहनी के निर्देशन में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। टीम मैनेजर संजय नेहरू, कोच केपी सिंह यादव हैं।

Post a Comment

0 Comments