भारतीय सिंधु सभा अपने संगठन का कर रही विस्तार, फिरोजाबाद और टूंडला में बनाये पदाधिकारी



न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 24 नवम्बर। भारतीय सिंधु सभा ने उत्तर प्रदेश में अपने संगठन को मजबूती और विस्तार देने की कवायद शुरू कर दी है। संगठन ने सभी शहरों व उपनगरों में इकाइयों के गठन करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में टूंडला और फिरोजाबाद में पदाधिकारियों की घोषणा की गई है। जल्दी पूरी कार्यकारिणी यहां यथार्थ रूप लेगी।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गागन दास रामानी, उत्तर प्रदेश प्रान्तीय संरक्षक घनश्याम दास देवनानी और महामंत्री चंद्र प्रकाश सोनी तथा मंत्री अशोक पारवानी ने टूंडला सिंधी कालोनी स्थित झूलेलाल मंदिर में समाज की बैठक की। बैठक में भारतीय सिंधु  सभा की टूंडला इकाई का गठन किया गया। पूज्य सिंधी पंचायत टूंडला के अध्यक्ष ओम प्रकाश वलेचा को भारतीय सिंधु सभा टूंडला  का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। वालेचा को शीघ्र अपनी कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश भी दिए गए।
सभा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गागन दास रामानी ने भारतीय सिंधु  सभा के गठन से लेकर अब तक के कार्यकलापों की जानकारी देते हुए इसके उदेश्यों पर प्रकाश डाला। प्रदेश महामंत्री चंद्र प्रकाश सोनी ने भारत की आजादी की लड़ाई में सिंधी समाज के सबसे कम उम्र के अमर शहीद हेमू कालानी के बलिदान का जिक्र करते हुए उनके जन्म शताब्दी वर्ष को देश-विदेश में मनाए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय सिंधु सभा आगामी 31 मार्च 2023 को राष्ट्रीय स्तर पर भोपाल में कार्यक्रम मनाएगी।
प्रदेश संरक्षक घनश्याम दास देवनानी ने उत्तर प्रदेश में भारतीय सिंधु सभा के कार्यक्रमों की जानकारी दी। सभा के सामाजिक, सांस्कृतिक व शैक्षणिक कार्यों पर प्रकाश डाला। आगामी वर्ष 23 मार्च को वरुणावतार भगवान झूलेलाल अवतरण दिवस चेटीचंद के उपलक्ष्य में आगरा में 22 मार्च को निकाली जाने वाली विशाल शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गागन दास रामानी ने व संचालन प्रदेश मंत्री अशोक पारवानी ने किया।



इसी क्रम में फिरोजाबाद इकाई का गठन करने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन आर्य नगर फिरोजाबाद स्थित सिंधी गुरुद्वारा व संत कंवर राम धर्मशाला में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए भारतीय सिंधु सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गागन दास रामानी ने भारतीय सिंधु सभा के तत्वावधान में गठन से लेकर अब तक के क्रियाकलापों पर प्रकाश डाला। महामंत्री चंद्र प्रकाश सोनी ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी।
बैठक में वैष्णो धाम मंदिर व समाचार पत्र के संस्थापक अध्यक्ष सुरेश कन्हैयानी द्वारा पदाधिकारीगण का स्वागत किया गया। भारतीय सिधु सभा की फिरोजाबाद इकाई का अध्यक्ष गोपीचंद व संरक्षक मदनलाल को मनोनीत किया गया। संचालन प्रदेश मंत्री नानक चंद वासवानी और धन्यवाद पूज्य सिंधी पंचायत फिरोजाबाद अध्यक्ष विनोद ने किया। इस मौके पर  प्रदेश मंत्री अशोक पारवानी, समाजसेवी घनश्यामदास व मंदिर संचालक लालवानी परिवार की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Post a Comment

0 Comments