-शुक्रवार सुबह बरात लौटकर आई थी और रात कर दी बेरहमी से हत्या
न्यूज स्ट्रोक
मैनपुरी, 24 जून। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के किशनी में शनिवार को दूल्हा-दुल्हन समेत परिवार के पांच लोगों की सोते समय फरसे से काटकर हत्या कर दी। फिर आरोपी ने गोली मारकर खुद सुसाइड कर लिया। यही नहीं, पत्नी और मामी पर भी जानलेवा हमला किया है। दोनों की हालत नाजुक है। आरोपी ने वारदात को देर रात दो बजे अंजाम दिया।
घर में नई बहू सोनी (20) के आने से खुशियों का माहौल था। शुक्रवार की देर रात एक बजे तक सभी लोग डीजे बजा कर नाच गा रहे थे। रात में शिववीर ने कोल्ड ड्रिंक में कोई नशे की गोली मिलाकर सभी को पिला दिया। सभी के बेहोश होने के बाद शिववीर ने धारदार हथियार से आंगन में लेटे भाई भुल्लन (20), बहनोई सौरभ निवासी चांदा हविलिया (26), भाई के दोस्त दीपक (20) फिरोजाबाद छत पर सो रहे सोनू (22) और नवविवाहिता सोनी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। हमले में सुभाष, आरोपी की पत्नी और मामी गंभीर रूप से घायल हो गए। पांच हत्याएं करने के बाद शिववीर ने खुद भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली।
घटना की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मैनपुरी के किशनी थाना इलाके के गांव गोकुलपुरा में गांव का रहने वाले शिववीर सिंह के भाई की बरात इटावा से लौट कर आई थी। रात खाना खाने के बाद शिववीर ने अपने सगे भाई भुल्लन, सोनू, उसकी पत्नी, अपने बहनोई और दोस्त की हत्या करने के बाद खुद को गोली मारकर जान दे दी।
आरोपी ने अपनी पत्नी पर भी वार किया था। मामी को भी चोट लगी है। हत्या के कारण का पता नहीं चला है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हत्याकांड की सूचना मिलने के बाद एसपी विनोद कुमार और कई थानों की फोर्स गांव पहुंची। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शव इधर-उधर बिखरे पड़े थे। किसी का गला कटा था, तो किसी के सिर पर गहरे घाव थे।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के रहने वाले सुभाष का पुत्र शिववीर नोएडा में कंप्यूटर सेंटर का संचालन करता था। शुक्रवार को उसके छोटे भाई सोनू की बरात इटावा से लौटी थी। रात में सोनू और उसकी नवविवाहित पत्नी सोनी मकान की छत पर सो रहे थे। छोटा भाई भुल्लन, भाई का दोस्त दीपक निवासी फिरोजाबाद, बहनोई सौरभ निवासी गांव हवेलिया थाना किशनी और अन्य स्वजन नीचे सोए हुए थे। रात घर में नाच-गाने का कार्यक्रम चलता रहा। बाद में सभी लोग सो गए। रात करीब तीन बजे शिववीर ने पहले छत पर सो रहे सोनू और उसकी पत्नी सोनी की गड़ासा से प्रहार कर हत्या कर दी। फिर भाई भुल्लन, भाई के दोस्त दीपक, बहनोई सौरभ की भी हत्या की।
अपनी पत्नी डौली और पिता सुभाष चंद्र को गड़ासा मारकर घायल कर दिया। चीत्कार सुन स्वजनों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो भाग कर घर के पीछे गया और खुद के सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पिता का कहना है कि आरोपी बेटे को दुकान में कुछ पैसों की जरूरत थी। पैसे नहीं देने घर पर रोज झगड़ा करता था। पुलिस अभी हत्या के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।
![]() |
हत्यारोपी के पुत्रों से बात करते एसपी विनोद कुमार |
सबसे पहले दूल्हा और दुल्हन की हत्या की
पिता ने बताया, रात में सभी लोग खाना खाकर सो रहे थे। मझला बेटा सोनू और उसकी पत्नी छत पर चारपाई पर सोए थे। पास में ही छोटा बेटा भुल्लन (22), बहनोई सौरव और सोनू का दोस्त फिरोजाबाद निवासी दीपक (20) भी सोए थे। शिववीर को रात में अचानक पता नहीं क्या हुआ। वह फरसा लेकर सभी को काटना शुरू कर दिया। हम लोग तो नीचे घर में सोए थे।
पिता ने बताया, सबसे पहले छत पर सो रही नई बहू को मारा। फिर सोनू को काट दिया। इसके बाद अपने छोटे भाई भुल्लन और बहनोई सौरव को मार डाला। इसके बाद सोनू के दोस्त फिरोजाबाद निवासी दीपक को भी हत्या कर दी। इसके बाद वह घर के नीचे आया, तब तक हम लोग उठ गए थे। वह अपने कमरे में गया। अपनी पत्नी डौली और मामी सुषमा पर भी जानलेवा हमला किया। वहां पर मैं पहुंचा, तो रोकने की कोशिश की।
पिता ने कहा कि इसके बाद सुभाष चंद्र ने शोर मचाया। वह चिल्लाते हुए घर के बाहर भागे। इतने में शिववीर डर गया। फिर वह दोबारा अपने कमरे में गया। तमंचे से गोली मारकर सुसाइड कर लिया।
शिववीर की दुकान घाटे में थी, शायद इसलिए हत्या की?
पिता ने बताया कि शिववीर किशनी में सरकारी अस्पताल के सामने फोटो स्टेट की दुकान चलाता था। वह दुकान के लिए बड़ी मशीनें खरीदना चाहता था। उसने मुझसे पैसे मांगे, लेकिन छोटे बेटे सोनू की शादी करनी थी, इसलिए हम लोग पैसे नहीं दे पाए। इसी वजह से वह आए दिन घर पर झगड़ा करता था। कभी पत्नी को डांटता, मारता तो कभी मां से भी विवाद करता था। शिववीर थोड़ा सनकी था। घर में हर किसी से खुन्नस रखता था। शायद, इसी वजह से उसने यह कदम उठाया।
0 Comments