Image

भगवान झूलेलाल शोभायात्रा आज, युवा यातायात और सुरक्षा की जिम्मेदारी


👍पांच दर्जन झांकियां देगी सामाजिक समरसता का संदेश 

न्यूज़ स्ट्रोक 
आगरा, 28 मार्च। सिंधी सेंट्रल पंचायत की ओर से आज शुक्रवार को वरुणावतार झूलेलाल जयंती के उपलक्ष्य में ताज प्रेस क्लब से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें 50 झांकियों के साथ बैंडबाजे, डीजे और गायन मंडलियां शामिल होंगी। पंचायत की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 


सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी ने बताया कि शोभायात्रा में आगरा की सभी सिंधी पंचायतों का प्रतिभाग रहेगा। शोभायात्रा में कई नए आकर्षण होंगे। 
महामंत्री हेमंत भोजवानी ने बताया कि झांकियों में भारतीय संस्कृति और दर्शन के साथ ही सिंधी समाज के महापुरुषों को स्थान दिया गया है। हिंदी समाज सदैव सामाजिक सद्भाव का प्रतीक रहा  है। ऐसे में सभी झांकियां सामाजिक समरसता और आध्यात्मिकता का संदेश देंगी। 
मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी ने बताया कि संपूर्ण शोभायात्रा मार्ग पर पुलिस और प्रशासन की समुचित व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा आयोजन समिति ने भी 50 लोगों की एक टीम बनाई है जो  ड्रेस कोड  में रास्ते भर साथ चलेंगे और यातायात व्यवस्था से लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर काम करेंगे। पुलिस कर्मियों के साथ उनका समन्वय रहेगा।
उपाध्यक्ष घनश्याम देवनानी ने बताया कि पूरे समाज में भगवान झूलेलाल जयंती शोभायात्रा में लोगों को सीधे तौर पर जोड़ने के लिए फोन व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए लोगों से सघन जनसंपर्क किया जा रहा है।झूलेलाल जयंती, जिसे चेटी चंड भी कहा जाता है, को सिंधी समुदाय बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाता है। इस दिन की विशेष पूजा और धार्मिक अनुष्ठान के जरिए भगवान झूलेलाल के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा को प्रकट किया जाता है।

Post a Comment

0 Comments