न्यूज स्ट्रोक
आगरा, 01 जुलाई। मंगलवार एक जुलाई को देश भर में डॉक्टर्स डे मनाया जा रहा है। हर वर्ष एक जुलाई का दिन भारत में नेशनल डॉक्टर्स डे के तौर पर मनाया जाता है। आज का दिन डॉक्टरों और उनके पेशे को सलाम करने का है। इस दिन लोग डॉक्टर्स के काम और उनके सम्मान में उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। समाज के प्रति उनकी सेवा व समर्पण के लिए उन्हें धन्यवाद देते हैं। इसी क्रम में विश्वानी हॉस्पीटल कमला नगर में सिन्धी सेवा संगम द्वारा प्रख्यात चिकित्सक डॉ. कैलाश कुमार विश्वानी और डॉ. पद्मा विश्वानी का स्वागत और सम्मान किया गया।
डॉक्टर कैलाश कुमार विश्वानी एक चिकित्सक होने के साथ-साथ समाजसेवा में भी अग्रणी स्थान रखते हैं और नियमित अंतराल पर नि:शुल्क कैंप लगाकर मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और दवा उपलब्ध कराते हैं। डॉक्टर दंपति की बेटी वर्तिका विश्वानी भी इस काम में मदद करती हैं।
इस मौके पर डॉ. कैलाश विश्वानी ने बताया कि डॉक्टर दिवस प्रख्यात चिकित्सक डॉ. बिधान चन्द्र राय, जो भारत रत्न व पश्चिमी बगांल के द्वितीय मुख्यमन्त्री थे, की याद में मनाया जाता है। उनका जन्म एक जुलाई 1882 को और मृत्यु एक जुलाई 1962 को हुई थी। उनका जीवन पीड़ित मानवता की सेवा को समर्पित था।
डॉ. पद्मा विश्वानी ने कहा कि मरीज व डॉक्टर के बीच एक आत्मीय का रिश्ता है। जो विश्वास की डोर पर टिका है। सरकार ने उपभोक्ता संरक्षण कानून लाकर इसे उपभोक्ता व दुकानदार का रिश्ता बना दिया है।
सिंधु सेवा संगम के पदाधिकारियों ने डॉक्टर दंपति डॉ. कैलाश विश्वानी और डॉ. पद्मा विश्वानी का बुके भेंट कर स्वागत किया और उनके दीघार्यु होने स्वस्थ रहने की कामना की। इस दौरान किशोर बुधरानी, मेघराज दियालानी, अमृत माखीजा, रोहित आयलानी, कपिल पंजवानी आदि लोग मौजूद रहे।
0 Comments