-शोभायात्रा का शहर भर में होगा स्वागत
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 18 मार्च। शहर एक बार फिर भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों में सराबोर होने जा रहा है। सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल की जयंती, चेटीचंड पर्व के पावन अवसर पर बुधवार को शहर में एक भव्य और आकर्षक शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस पर्व को लेकर समाज में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और हर ओर श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ घटिया आजम खां स्थित हरियाली वाटिका से किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री सोमनाथ धाम के मठाधीश पीर डॉ. शंकरनाथ योगी के करकमलों द्वारा होगा। इस गरिमामय अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे, वहीं प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
कार्यक्रम में शहर के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे, जिनमें महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एमएलसी विजय शिवहरे और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार प्रमुख हैं।
मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी के अनुसार, शोभायात्रा में लगभग चार दर्जन से अधिक भव्य और आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी। यात्रा मार्ग पर विभिन्न बाजार समितियों द्वारा जगह-जगह भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की जाएगी और मार्ग को सुंदर स्वागत द्वारों से सजाया गया है।
झांकियों में दिखेगी आस्था और संस्कृति की झलक ✨
इस शोभायात्रा की खास बात इसकी मनमोहक झांकियां होंगी। माता हिंगलाज, संत साईं टेहूराम और स्वामी लीलाशाह महाराज की झांकियां विशेष आकर्षण रहेंगी। भगवान झूलेलाल की झांकी घोड़े पर सवार दिव्य स्वरूप में प्रस्तुत की जाएगी। इसके अलावा राम दरबार, शिव परिवार, गणेशजी, खाटू श्यामजी, जगन्नाथ जी, महाकाल और भारत माता की झांकियां श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर देंगी।
सिंधी सेंट्रल पंचायत के पदाधिकारियों—हेमंत भोजवानी, घनश्याम दास देवनानी, परमानंद अतवानी, जयराम दास होतचंदानी, नंदलाल आयलानी, एस.के. वीरानी, श्याम भोजवानी, जगदीश डोडानी, दौलत खूबनानी, जेठानंद पुरसनानी और भोजराज लालवानी ने सभी शहरवासियों से इस भव्य शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।


0 Comments