न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 18 मार्च। आगरा की पावन धरती 18 मार्च बुधवार को भक्ति, उल्लास और श्रद्धा के रंग में सराबोर नजर आई। वरुणावतार भगवान झूलेलाल के अवतरण दिवस चेटीचंड के शुभ अवसर पर सिंधी समाज ने आस्था का ऐसा महासंगम प्रस्तुत किया, जिसमें हर कदम पर भक्ति की गूंज और हर चेहरे पर खुशी की चमक दिखाई दी।
सुबह से ही घर-घर और मंदिरों में पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन और भजन-कीर्तन का क्रम शुरू हो गया था। जैसे-जैसे दिन ढला, श्रद्धा का यह प्रवाह एक भव्य रूप में तब्दील हो गया, जब सिंधी सेंट्रल पंचायत के तत्वावधान में मोहल्ला पंचायतों के सहयोग से भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा का शुभारंभ घटिया स्थित हरियाली वाटिका पर सोमनाथ धाम के महंत पीर डॉ. शंकरनाथ योगी ने भगवान झूलेलाल की आरती उतारकर और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इस पावन अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल तथा प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एमएलसी विजय शिवहरे और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। शोभायात्रा में श्रद्धालु नृत्य और भजनों के साथ आगे बढ़ते रहे।
चार दर्जन आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोहा
भगवान झूलेलाल, भगवान शिव परिवार, खाटू श्याम जी, कैला देवी, स्वामी लीला शाह, हिंगलाज माता, साईं टेऊराम, हेमूकालानी, संत कवरराम, भारत माता, बजरंगबली, बांकेबिहारी और सालासार बालाजी की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके साथ ही गणेशजी, जगन्नाथ, महाकाल और अन्य देवी-देवताओं की झलकियां भी शामिल रहीं। एक दर्जन से अधिक डीजे पार्टियां और कई बैंड इस शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ाते नजर आए, जबकि चार विशेष मंडलियां भजन-कीर्तन के माध्यम से माहौल को भक्तिमय बनाती रहीं।
घटिया से प्रारंभ होकर गुड़ की मंडी, सिंधी बाजार, फव्वारा, किनारी बाजार, जौहरी बाजार, चिम्मन चौराहा होते हुए दरेसी मार्गों से गुजरती यह शोभायात्रा दरेसी नंबर दो स्थित होटल लाल्स इन पर संपन्न हुई। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। सिंन्धी बाजार, दवा मार्केट एसोसिएशन, पचन बाजार, किनारी बाजार, जौहरी, बाजार, क्लॉथ एसोसिएशन आदि ने शोभयात्रा में शामिल पदाधिकारियों का स्वागत किया और भगवान झूलेलाल पर पुष्पवर्षा की। हाथीघाट पर ज्योत्ति विसर्जन किया गया। वहीं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा जलपान की भी उत्कृष्ट व्यवस्था की गई।
महिलाओं की विशेष भागीदारी
इस अवसर पर महिलाओं और बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। भजनों पर झूमती महिलाएं और भक्तिभाव से ओतप्रोत बच्चे शोभायात्रा की रौनक को कई गुना बढ़ा रहे थे। महिलाओं ने बताया कि इस पावन आयोजन में शामिल होकर उन्हें अपार खुशी और आध्यात्मिक संतोष प्राप्त हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन और स्वयंसेवक मुस्तैद
भव्य और लंबी शोभायात्रा को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा। आयोजन समिति की ओर से भी 50 स्वयंसेवकों की टीम बनाई गई, जिसमें प्रदीप बनवारी, मोंटू करीरा, महेश नारायणी और उनकी टीम ने पूरे मार्ग में प्रशासन का सहयोग किया।
ये रहे मौजूद
शोभायात्रा के साथ सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी, महामंत्री हेमंत भोजवानी, घनश्यामदास देवनानी, परमानंद आतवानी, जय राम दास होत्चंदानी, नंद लाल आयलानी, श्याम भोजवानी, एस के वीरानी, ,मेघराज दियालानी ,जगदीश डोडानी, नरेंद्र पुरष्णनी, दौलत खूबनानी, भोजराज लालवानी, जितेंद्र त्रिलोकानी, राज कोठारी, प्रदीप बनवारी, अशोक पारवानी, कमल जुमानी, महेश सोनी, नरेश लखवानी, भजनलाल प्रधान, हरीश टहिल्यानी, अशोक कोडवानी, नरेश देवनानी, राजू खेमानी, दौलत मोडवानी, राजीव नागरानी, अशोक चावला उमेश पेरवानी, दीपक आत्वानी, कन्हैया सोनी, महेश वाधवानी, लाल एम सोनी आदि जयंती की बधाइयां देते हुए चल रहे थे।


0 Comments