👍चार स्क्रीन, 503 सीट्स और आधुनिक तकनीक से लैस मल्टीप्लेक्स का शुभारंभ; ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के साथ शुरुआत
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 21 मार्च । देश की अग्रणी सिनेमा प्रदर्शनी कंपनी PVR INOX Limited ने एमजी रोड स्थित अंजना सेंट्रल में अपने प्रीमियम मल्टीप्लेक्स की शुरुआत कर शहर के मनोरंजन परिदृश्य को नई दिशा दी है। 4 स्क्रीन वाले इस आधुनिक सिनेमा का उद्घाटन फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के साथ किया गया।
503 सीटों (89 रिक्लाइनर्स सहित) वाले इस मल्टीप्लेक्स में RGB लेज़र प्रोजेक्शन, डॉल्बी 7.1 साउंड (हरमन JBL स्पीकर्स के साथ) और नेक्स्ट जेन 3डी तकनीक जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। सभी ऑडिटोरियम को अलग-अलग आकर्षक थीम में डिजाइन किया गया है, जिससे दर्शकों को बेहतरीन विजुअल और साउंड अनुभव मिल सके।
मल्टीप्लेक्स को पारंपरिक सिनेमा से आगे बढ़ाकर “सोशल हब” के रूप में विकसित किया गया है। कैफे-स्टाइल फूड जोन, आरामदायक लाउंज और प्राकृतिक हरियाली से सुसज्जित फोयर एरिया इसे खास बनाते हैं।
प्रमोद अरोड़ा (कार्यकारी अधिकारी) ने कहा कि आगरा जैसे उभरते बाजारों में दर्शकों की पसंद प्रीमियम और इमर्सिव एंटरटेनमेंट की ओर बढ़ रही है। एफओसीओ मॉडल के जरिए कंपनी स्थानीय साझेदारों के साथ मिलकर विश्वस्तरीय सिनेमा अनुभव उपलब्ध करा रही है, जो न केवल मनोरंजन बल्कि रोजगार और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा देगा।
वहीं अंजना सेंट्रल के पी. एल. शर्मा और सुनील शर्मा ने इस साझेदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य एक ऐसा स्पेस बनाना था, जहां शहरवासी परिवार और दोस्तों के साथ यादगार समय बिता सकें। PVR INOX के जुड़ने से यह स्थान अब एक जीवंत कम्युनिटी हब बन गया है।
यह नया मल्टीप्लेक्स न केवल स्थानीय निवासियों के लिए, बल्कि ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों के लिए भी एक प्रीमियम नाइटलाइफ विकल्प साबित होगा, जिससे शहर में उनके ठहराव की अवधि बढ़ेगी और स्थानीय व्यवसायों को लाभ मिलेगा।
इस लॉन्च के साथ PVR INOX Limited उत्तर प्रदेश और नॉर्थ इंडिया में अपनी मौजूदगी को और मजबूत कर रही है तथा देशभर में विश्वस्तरीय सिनेमा अनुभव देने के अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही है।


0 Comments