भारतीय अंडर- 15 बॉक्सिंग टीम का चयन करेंगे आगरा के अंतरराष्ट्रीय निर्णायक राहुल सिंह


न्यूज़ स्ट्रोक

आगरा 05 अप्रैल 2026। खेल जगत में शहर का नाम एक बार फिर रोशन हुआ है। आगरा के अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग निर्णायक राहुल कुमार सिंह को भारतीय टीम के चयन की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह उपलब्धि न केवल उनके उत्कृष्ट अनुभव और निष्पक्ष निर्णय क्षमता का प्रमाण है, बल्कि पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय भी बन गई है।
खेल मंत्रालय, भारत सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) के संयुक्त तत्वावधान में 4 अप्रैल से 11 अप्रैल 2026 तक एनएसएनआईएस पटियाला (पंजाब) में एशियन अंडर-15 बॉयज़ एवं गर्ल्स बॉक्सिंग चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। इसी ट्रायल के माध्यम से ताशकंद (उज़्बेकिस्तान) में होने वाली एशियन अंडर-15 बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा।
इस प्रतिष्ठित चयन प्रक्रिया में बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने राहुल सिंह को विशेष रूप से निर्णायक (जज) के रूप में नामित किया है। उनकी नियुक्ति से यह स्पष्ट होता है कि राष्ट्रीय स्तर पर उनकी निष्पक्षता और विशेषज्ञता को कितना सम्मान दिया जाता है।
राहुल सिंह वर्तमान में सेंट पॉल चर्च कॉलेज में शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस नियुक्ति की जानकारी बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा ईमेल के माध्यम से कॉलेज के प्रधानाचार्य आशीष पॉल हाबिल को दी गई।
गौरतलब है कि राहुल सिंह को वर्ष 2014 में भारत के सर्वश्रेष्ठ रेफरी और वर्ष 2019 में सर्वश्रेष्ठ जज के प्रतिष्ठित पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनके खेल जीवन की यह नई उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।
उनकी इस सफलता पर ओलंपिक संघ के सचिव राहुल पालीवाल, खेल प्रेमी मनोज भारद्वाज, कर्नल अपूर्व त्यागी, गिरधर शर्मा, हरी सिंह यादव एवं कॉलेज के प्रधानाचार्य आशीष पॉल हाबिल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Post a Comment

0 Comments