👍फाइनल में सेंट स्टीफन स्कूल को 2-0 से हराकर जीता खिताब
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 27 अप्रैल। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित अस्मिता खेलो इंडिया वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के प्रारंभिक मुकाबलों में पहला मैच आर्मी पब्लिक स्कूल और जीएस पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें आर्मी पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की।
दूसरा मुकाबला दयालबाग और ऑल सेंट स्कूल के बीच हुआ, जिसमें ऑल सेंट ने 2-0 से जीत हासिल की।
तीसरे मैच में स्टेडियम-11 और सेंट स्टीफन स्कूल आमने-सामने रहे, जिसमें सेंट स्टीफन ने 2-0 से मुकाबला अपने नाम किया।
सेमीफाइनल मुकाबलों में आर्मी पब्लिक स्कूल ने केवी नंबर-1 स्कूल को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में सेंट स्टीफन स्कूल ने जो सेंट स्कूल को 2-0 से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह बनाई।
फाइनल मुकाबला आर्मी पब्लिक स्कूल और सेंट स्टीफन स्कूल के बीच खेला गया। आर्मी पब्लिक स्कूल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पहला सेट 25-19 और दूसरा सेट 25-18 से जीतकर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के दौरान संजय शर्मा, क्षेत्री किरण अधिकारी, अर्चना शर्मा (प्रधानाचार्य, वैजयंती देवी इंटर कॉलेज), लक्ष्मण सिंह, दिलीप यादव, नरेंद्र सिंह यादव, वरिष्ठ वॉलीबॉल खिलाड़ी, डॉ. अलका शर्मा (सचिव, टेबल टेनिस) एवं प्रशांत शुक्ला (वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी) सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
निर्णायकों की भूमिका आगरा ओलंपिक वॉलीबॉल संघ के निर्णायकों ने निभाई। मुख्य निर्णायक विजय कुमार रहे, जबकि महेंद्र सिंह, अनु चाहर, अंशुल यादव, हरि ओम त्यागी एवं अचल श्याम सुंदर ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
आयोजन सचिव संजय गौतम ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।


0 Comments