न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 24 अप्रैल 2026। माध्यमिक शिक्षा विभाग, आगरा मंडल द्वारा राष्ट्रीय योग ओलंपियाड 2026 के अंतर्गत शैक्षिक सत्र के प्रथम आयोजन के रूप में मंडलीय माध्यमिक विद्यालयी योग ओलंपियाड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग की यह प्रतियोगिता पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, शाहगंज के बहुउद्देशीय हॉल में सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता में आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी एवं मथुरा जनपदों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय भी प्राप्त किया। अपने उद्बोधन में डॉ. अग्रवाल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मन और चित्त वृत्तियों पर नियंत्रण ही योग का मूल उद्देश्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योग अभ्यास से लाभान्वित होने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य मानवेन्द्र सिंह द्वारा बुके भेंट कर किया गया। स्वागत गीत शिक्षिका श्रीमती हिना चंचल ने प्रस्तुत किया, जबकि संचालन वी.डी. पराशर ने किया।
परिणाम इस प्रकार रहे:
बालक वर्ग:
प्रथम – सत्यदेव (राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज, फिरोजाबाद)
द्वितीय – यश शर्मा (एमडी जैन इंटर कॉलेज, हरिपर्वत, आगरा)
तृतीय – देव कुमार (महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज, धूलियागंज, आगरा)
बालिका वर्ग:
प्रथम – तनु (जनता इंटर कॉलेज, मथुरा)
उपविजेता – सौरशी गौतम (राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, नैनाना जाट, आगरा)
तृतीय – गीता (राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फिरोजाबाद)।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका रोहन चौधरी, दीपा शर्मा एवं देवेश बघेल ने निभाई। आयोजन में मंडलीय क्रीड़ा सचिव अनिल कुमार, जिला क्रीड़ा सचिव डॉ. रीनेश मित्तल, मीडिया प्रभारी पंकज शर्मा सहित विभिन्न जनपदों के क्रीड़ा अधिकारियों एवं शिक्षकों ने सहयोग प्रदान किया। विद्यालय स्टाफ की ओर से नीता वर्मा, रागिनी जैन, चारू सोलंकी, मीता वर्मा एवं दीक्षा निगम का विशेष योगदान रहा।


0 Comments