लंगड़े की चौकी हनुमान मंदिर : भव्य आयोजन के साथ मना हनुमान जन्मोत्सव

 

आगरा में उमड़ा अद्भुत श्रद्धा और भक्ति का सागर” 🚩

न्यूज़ स्ट्रोक 

आगरा, 2 अप्रैल, 2026। गुरुवार को आगरा नगरी भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के अनुपम रंग में रंग उठी, जब पावन हनुमान जन्मोत्सव का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और दिव्यता के साथ मनाया गया। लंगड़े की चौकी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि हर दिशा “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के गगनभेदी जयघोष से गुंजायमान हो उठी।
मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं देवत्व पृथ्वी पर अवतरित हो गया हो। पवनपुत्र हनुमान जी के साथ प्रभु श्रीराम, गणपति, भोलेनाथ और मां दुर्गा का मनोहारी एवं अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के हृदय को मोह रहा था। भव्य फूल बंगला और छप्पन भोग की दिव्य सुगंध ने वातावरण को पूर्णतः आध्यात्मिक और पावन बना दिया।
शहर के प्रख्यात बैंडों एवं शहनाई की मधुर ध्वनि ने पूरे वातावरण को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। हनुमान जी की महाआरती से पूर्व मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में कथा व्यास हिमांशु धर शास्त्री के श्रीमुख से श्रद्धालुओं ने अमृतमयी कथा का रसपान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष भक्तजन श्रद्धा भाव से उपस्थित रहे।
सायं पांच बजे जैसे ही महाआरती का पावन क्षण आया, पूरा मंदिर दीपों की ज्योति और भक्ति भाव से आलोकित हो उठा। वातावरण में ऐसी दिव्यता व्याप्त हो गई कि हर भक्त भावविभोर होकर प्रभु के चरणों में लीन हो गया। महाआरती का सौभाग्य राम उपाध्याय को प्राप्त हुआ।
आरती का सौभाग्य राम उपाध्याय को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर महंत गोविंद गुरु, गोपाल गुरु, गोपी गुरु, राम उपाध्याय, श्याम उपाध्याय, भरत उपाध्याय, लखन सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य भक्त मौजूद रहे।

मंदिर की महिमा अपरंपार 
लंगड़े की चौकी स्थित यह प्राचीन हनुमान मंदिर वर्षों से श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र बना हुआ है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई हर प्रार्थना बजरंगबली अवश्य स्वीकार करते हैं और भक्तों के संकट हर लेते हैं। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु इस धाम को अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति का साक्षी मानते हैं। मंदिर की आध्यात्मिक आभा और दिव्यता यहां आने वाले हर भक्त को अद्भुत शांति और ऊर्जा का अनुभव कराती है।

Post a Comment

0 Comments