आगरा में विश्व दूरसंचार दिवस पर बीएसएनएल का आयोजन, डिजिटल नेटवर्क मजबूत करने पर जोर



न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 17. मई 2026। इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) आगरा लोकल सेंटर, खंदारी के तत्वावधान में बीएसएनएल के तारघर परिसर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में विश्व दूरसंचार दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में प्रधान महाप्रबंधक (आईटीएस) श्याम सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस वर्ष की थीम ‘डिजिटल जीवन रेखाएं : एक जुड़े हुए विश्व में लचीलेपन को मजबूत करना’ रखी गई है ।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि विश्व दूरसंचार दिवस की शुरुआत 17 मई 1865 को पेरिस में हुए पहले अंतरराष्ट्रीय टेलीग्राफ कन्वेंशन से हुई थी। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ (आईटीयू) की स्थापना हुई। वर्ष 2006 से विश्व दूरसंचार एवं सूचना समाज दिवस (डब्ल्यूटीआईएसडी) के रूप में यह दिवस मनाया जा रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में मजबूत डिजिटल नेटवर्क अत्यंत जरूरी हो गए हैं। स्थलीय नेटवर्क, पनडुब्बी केबल, उपग्रह और डेटा सिस्टम आधुनिक समाज और अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। डब्ल्यूटीआईएसडी-2026 का उद्देश्य सरकारों, उद्योगों और समुदायों को डिजिटल अवसंरचना मजबूत करने के लिए प्रेरित करना है, ताकि संकट के समय भी संचार व्यवस्था बाधित न हो।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के संदेश का उल्लेख करते हुए डिजिटल कनेक्टिविटी में निवेश बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में भारत में दूरसंचार के 170 वर्षों के इतिहास का भी उल्लेख किया गया। बताया गया कि देश में पहली लंबी दूरी की तार सेवा 14 मार्च 1854 को आगरा और कोलकाता के बीच शुरू हुई थी।
इस मौके पर चेयरमैन इं. रजनीश यादव, सचिव डॉ. अनुराग कुलश्रेष्ठ, संगठन सचिव इं. भगवान दास रावत समेत बीएसएनएल आगरा के अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments