🏏फाइनल में अतुल्य वॉयजेज को 45 रन से दी मात, पावनी बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 16 जून, 2026। केसीआई पैंथर्स ने द्वितीय अमर शहीद राधेश्याम यादव स्मृति महिला क्रिकेट टूर्नामेंट पर कब्जा जमा लिया। मंगलवार को टीसा मैदान पर खेले गए खिताबी मुकाबले में केसीआई पैंथर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अतुल्य वॉयजेज को 45 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। टीम की प्रियंका लूथरा को पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
आयोजन सचिव मनोज कुशवाह के अनुसार फाइनल मुकाबले में केसीआई पैंथर्स की कप्तान सुप्रिया अरेला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। निर्धारित 30 ओवर के मुकाबले में टीम ने 23.4 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 125 रन बनाए। श्रेया यादव ने 45, प्रिंसी चौधरी ने 29, शशि माथुर ने 18 और कप्तान सुप्रिया अरेला ने 16 रन का योगदान दिया। अतुल्य वॉयजेज की ओर से सिमरन ने चार, सुरक्षा ने तीन और काव्या ने एक विकेट हासिल किया।
जवाब में उतरी अतुल्य वॉयजेज की पूरी टीम केसीआई पैंथर्स की गेंदबाजी के सामने संघर्ष करती नजर आई और 80 रन पर सिमट गई। कात्यानी ने 16, सुरक्षा ने 13 और सिमरन ने 11 रन बनाए। केसीआई पैंथर्स की ओर से पावनी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 12 रन देकर पांच विकेट झटके, जबकि प्रियंका लूथरा ने तीन और श्रेया यादव ने दो विकेट लिए।
मुकाबले में शानदार गेंदबाजी के लिए पावनी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं प्रियंका लूथरा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, पावनी को बेस्ट बॉलर और राधिका पचेर को बेस्ट बैटर का पुरस्कार मिला।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हेमलता काला, अर्जुन अवार्डी पूनम यादव, टीसा निदेशक संजय कालरा, बल्देव भटनागर, सुनैना कालरा, नैना कालरा महाजन और प्रधानाचार्या रुचि शुक्ला ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।
मैच में अंपायर की भूमिका रोहित लोधी और अजय कुमार ने निभाई, जबकि कमेंट्री देव पांडे ने की। इस दौरान संजय गुप्ता, सुरेंद्र चौधरी, अमित यादव, अवधेश यादव, कुलदीप यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


0 Comments