👍एलआईसी की उत्तर मध्य क्षेत्र की 58वीं टेबल टेनिस एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता संपन्न
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 18 जून 2026। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) उत्तर मध्य क्षेत्र की 58वीं टेबल टेनिस एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन 17 एवं 18 जून 2026 को खेल गांव, दयालबाग, आगरा में किया गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बीच विजेताओं को सम्मानित किया गया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में श्री अनिल श्रीवास्तव ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग में सुश्री मानसी बत्रा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
टेबल टेनिस प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में श्री पराग अग्रवाल ने कड़े मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को 3-1 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी हासिल की। महिला वर्ग में सुश्री प्रीति बूरा ने भी शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए 3-1 से मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय जीवन बीमा निगम, उत्तर मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री पी.एस. नेगी रहे। इस अवसर पर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर से आए प्रादेशिक प्रबंधक (मा.स.वि.) श्री ब्रजेंद्र नारायण, सहायक सचिव (मा.स.वि.) श्री संजीव कुमार सिंह, श्री अभिषेक पांडेय एवं श्री हरीश तिवारी (सदस्य, स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड), आगरा मंडल के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक श्री विवेक त्यागी, विपणन प्रबंधक श्री जे.पी. पबड़ी, प्रबंधक (कार्मिक) सुश्री ज्योत्सना वर्मा, मुख्य निर्णायक श्री उपेंद्र ज्योतिषी एवं जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन आगरा की महासचिव डॉ. अलका शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जिनमें खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और उपस्थित दर्शकों ने उनका उत्साहवर्धन किया।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को खेलों के माध्यम से अनुशासन, समर्पण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक (कार्मिक) सुश्री ज्योत्सना वर्मा ने किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों, निर्णायकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खेल प्रतिभाओं को निखारने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


0 Comments