आरबीएस येलो ने जीती सब जूनियर क्रिकेट लीग ट्रॉफी, गौरी कश्यप बने फाइनल मैच के हीरो



🏏डकवर्थ लुईस नियम से आरबीएस रेड को 10 रन से हराया

न्यूज़ स्ट्रोक 
आगरा, 23 जून, 2026। आरबीएस इंटर कॉलेज क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित सब जूनियर राउंड रोबिन क्रिकेट लीग का खिताब आरबीएस येलो ने अपने नाम कर लिया। मंगलवार को खेले गए रोमांचक और वर्षा से बाधित फाइनल मुकाबले में आरबीएस येलो ने आरबीएस रेड को डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 10 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुये रेड की टीम ने निर्धारित 30 ओवरों में अपने सभी विकेट खोकर 169 रन बनाए। टीम की ओर से विशाल राजपूत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि लक्ष्य जुरेल ने 12 रन का योगदान दिया।
येलो टीम की ओर से गेंदबाजी में गौरी कश्यप ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 6 ओवर में मात्र 22 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। अथर्व ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरबीएस येलो की टीम ने वर्षा से मैच बाधित होने से पहले 11.5 ओवर में 4 विकेट खोकर 89 रन बना लिए थे। इसके बाद डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर येलो को विजेता घोषित किया गया। फाइनल मुकाबले के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार शानदार गेंदबाजी करने वाले गौरी कश्यप को प्रदान किया गया।
मैच के उपरांत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि विधायक विजय शिवहरे एवं विशिष्ट अतिथि आरबीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मेजर विवेक वीर सिंह ने विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।
टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार अरीब उद्दीन को दिया गया, जबकि बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार विशाल राजपूत, बेस्ट बॉलर का पुरस्कार गौरी कश्यप और बेस्ट फील्डर का पुरस्कार शिवांग कौल को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर चंद्रशेखर शर्मा (चंदू भइये), नागेश पंडित, डॉ. चंद्रशेखर शर्मा, दुष्यंत सिंह, अतुल सोलंकी, राव हरेंद्र सिंह, विवेक यादव, फैजल रईस और नरेंद्र शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नवीन गोस्वामी ने किया।
मैच के दौरान विभिन्न खिलाड़ियों के अभिभावक भी मौजूद रहे, जो जोशीले अंदाज में अपने बच्चों का बढ़ाते रहे।


Post a Comment

0 Comments