🏓सुहानी अग्रवाल का शानदार प्रदर्शन, दो वर्गों के फाइनल में
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 20 जुलाई 2026। जिला टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय द्वितीय जिला रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का रविवार को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि एसोसिएट प्रोफेसर एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मीनाक्षी घिल्डियाल तथा विशिष्ट अतिथि मनोज कुमार, मुख्य प्रबंधक (एक्स), भारतीय स्टेट बैंक एवं पूर्व राज्य स्तरीय टेबल टेनिस खिलाड़ी ने किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
जिला टेबल टेनिस संघ की सचिव एवं प्रतियोगिता की आयोजन सचिव डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि पहले दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। यूथ बालक (अंडर-19) वर्ग के सेमीफाइनल में केशव खंडेलवाल ने रितेश कुमार को 3-2 से और ऋषभ विश्वकर्मा ने वेद यादव को 3-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
यूथ बालिका (अंडर-19) वर्ग में सुहानी अग्रवाल ने अंकिशा मिश्रा को 3-0 तथा पहल गुप्ता ने वान्या बंसल को 3-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। महिला वर्ग के सेमीफाइनल में सुहानी अग्रवाल ने इनाया फातिमा को 3-0 से हराकर फाइनल का टिकट पक्का किया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक के रूप में जुनैद सलीम, गर्ग ऋषि, साहिल कुमार और आशुतोष कुमार तिवारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले सोमवार सुबह 9 बजे से खेले जाएंगे।


0 Comments