CBSE नॉर्थ जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कर्नल्स ब्राइटलैंड का शानदार प्रदर्शन, ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा

 

🥊6 स्वर्ण, 6 रजत और 2 कांस्य समेत जीते कुल 14 पदक

न्यूज़ स्ट्रोक 
आगरा, 03 अगस्त, 2026। देहरादून के सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित CBSE नॉर्थ जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कर्नल्स ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। विद्यालय ने 6 स्वर्ण, 6 रजत और 2 कांस्य पदक सहित कुल 14 पदक अर्जित किए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रुबीना खानम ने बताया कि प्रतियोगिता में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के CBSE से संबद्ध 96 विद्यालयों के 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के 1468 बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। कर्नल्स ब्राइटलैंड ने अंडर-19 बालक एवं अंडर-17 बालिका वर्ग में ओवरऑल चैंपियनशिप जीती, जबकि अंडर-17 बालक वर्ग में द्वितीय और अंडर-19 बालिका वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-14 बालक वर्ग में उदय राजपूत ने 38-40 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता। अंडर-17 बालिका वर्ग में छवि यादव, वंशिका यादव और कनिका चौरसिया ने स्वर्ण, अर्चना गुर्जर ने रजत तथा पायल राजपूत ने कांस्य पदक हासिल किया।
अंडर-17 बालक वर्ग में दिव्यांश आर्या ने स्वर्ण, जबकि निश्चय राजपूत और रतनदीप सिंह ने रजत पदक अर्जित किए। अंडर-19 बालिका वर्ग में जानवी यादव ने स्वर्ण और खुशी चौहान ने रजत पदक जीता। अंडर-19 बालक वर्ग में आतिफ खान ने स्वर्ण, कृष्णा भुंबरी ने रजत तथा अथर्व परिहार ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के स्वर्ण एवं रजत पदक विजेता खिलाड़ी अक्टूबर में आयोजित होने वाली CBSE राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में नॉर्थ जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे। बालिका वर्ग की प्रतियोगिता कैथल और बालक वर्ग की प्रतियोगिता गुरुग्राम, हरियाणा में आयोजित होगी।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विद्यालय के संस्थापक एवं निदेशक अपूर्व त्यागी ने प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। निदेशिका दीपिका त्यागी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में विद्यालय के कई मुक्केबाज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रधानाचार्या रुबीना खानम ने बताया कि विद्यालय के एक दर्जन से अधिक खिलाड़ी पूर्व में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। प्रतियोगिता में ईशु, अर्पित यादव, रिद्धि, अर्नव मिश्रा, आदित्य यादव, अंशिका यादव, साक्षी राठौर, अरिंदम मिश्रा और अंश कुमार का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।
टीम के मुख्य प्रशिक्षक हरवीर धाकरे और मैनेजर मीनू वर्मा के योगदान की भी सराहना की गई। विद्यालय प्रबंधन, उपप्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह चाहर एवं खेल निदेशक सोमेश दुबे ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

0 Comments