🏓 लखनऊ के लक्ष्य कुमार यूथ बॉयज और गर्व सिंगला जूनियर बॉयज में बने चैंपियन
🏓 यूपी स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट का आगरा में समापन, अवनी त्रिपाठी को दो ख़िताब
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 5 सितंबर, 2026। एकलव्य इंडोर स्टेडियम आगरा में चल रहे स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा बंसल मेमोरियल तृतीय यूपी स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट में शनिवार को विभिन्न वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता का आयोजन आगरा जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन ने ‘Stag Global’ के सहयोग और उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के निर्देशन में किया। प्रतियोगिता के आयोजन में डॉ. विजय किशोर बंसल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जूनियर गर्ल्स (अंडर-17) में आगरा की पहल गुप्ता ने खिताब अपने नाम किया। फाइनल में पहल ने लखनऊ की स्वस्ति चंद्रा को 6-11, 11-8, 11-9, 11-7 से हराया। इससे पूर्व सेमीफाइनल में पहल ने आगरा की अंकिशा मिश्रा को 11-2, 11-6, 11-5 से शिकस्त दी। दूसरे सेमीफाइनल में स्वस्ति चंद्रा ने गौतम बुद्ध नगर की समृद्धि शर्मा को 11-13, 11-6, 11-9, 11-7 से हराया।
महिला वर्ग में अवनी त्रिपाठी विजेता रहीं। फाइनल में गाजियाबाद की अवनी ने अपनी ही जिले की आरती चौधरी को 11-8, 11-9, 11-9 से पराजित किया। इससे पूर्व खेले गए सेमीफाइनल में अवनी ने लखनऊ की गुनगुन साहू को 11-5, 11-7, 12-10 से हराया, जबकि आरती चौधरी ने आगरा की पहल गुप्ता को 8-11, 11-6, 11-7, 11-2 से पराजित किया।
पुरुष वर्ग में सार्थ मिश्रा ने खिताब जीता। गाजियाबाद के सार्थ ने फाइनल में लखनऊ के दिव्यांश श्रीवास्तव को 15-17, 9-11, 11-8, 11-7, 11-8 से हराया। सेमीफाइनल में सार्थ ने प्रयागराज के कौशिक छेत्री को 11-8, 11-6, 9-11, 11-8 से तथा दिव्यांश ने सहारनपुर के अंश सभरवाल को 11-8, 11-8, 11-8 से पराजित किया था।
यूथ बॉयज (अंडर-19) में लक्ष्य कुमार चैंपियन बने। लखनऊ के लक्ष्य ने फाइनल में गौतम बुद्ध नगर के गर्व सिंगला को 11-8, 7-11, 7-11, 11-5, 14-12 से हराया। सेमीफाइनल में लक्ष्य ने गाजियाबाद के अर्नव पंवार को 12-10, 13-11, 7-11, 20-18 से तथा गर्व ने गाजियाबाद के आरव राठी को 11-7, 11-5, 12-10 से हराया।
यूथ गर्ल्स (अंडर-19) में अवनी त्रिपाठी विजेता रहीं। उन्होंने फाइनल में गौतम बुद्ध नगर की आयुषी सिंघल को 11-7, 11-6, 13-11 से पराजित किया। सेमीफाइनल में आयुषी ने आगरा की पहल गुप्ता को 11-8, 11-8, 11-9 से तथा अवनी ने गाजियाबाद की याशिका तिवारी को 8-11, 11-8, 11-8, 11-9 से हराया।
जूनियर बॉयज (अंडर-17) में गर्व सिंगला ने खिताब जीता। फाइनल में गर्व ने लखनऊ के लक्ष्य कुमार को 8-11, 14-12, 11-6, 6-11, 11-8 से हराया। सेमीफाइनल में लक्ष्य ने आगरा के केशव खंडेलवाल को 11-4, 11-4, 7-11, 7-11, 11-6 से तथा गर्व ने प्रयागराज के आर्यन कुमार को 11-5, 3-11, 11-5, 5-11, 11-9 से पराजित किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. करण महेंद्रु और डॉ. शिव महेंद्रु तथा विशिष्ट अतिथि यूपी टीटीए के उपाध्यक्ष ऋषि राज त्यागी रहे। आयोजन सचिव एवं जिला टेबल टेनिस संघ की सचिव डॉ. अलका शर्मा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर टूर्नामेंट डायरेक्टर श्री के . लहरी, रेफरी अतिन रस्तोगी, कर्नल राजेश राघव, जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सजल गुप्ता, वरिष्ठ कोच जुनैद सलीम, मनोज कुमार महाप्रबंधक एसबीआई (रिटायर्ड), साहिल कुमार, आशुतोष कुमार तिवारी आदि मौजूद रहे।
डॉ. अलका शर्मा ने फिर बटोरी तारीफ
जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन आगरा की सचिव डॉ. अलका शर्मा ने एक बार फिर साबित किया कि बड़े खेल आयोजन में उनका कोई मुकाबला नहीं। आगरा में लगातार प्रदेश स्तरीय टूर्नामेंट आयोजन वह बड़ी शिद्दत से संभालती आ रही हैं। उन्होंने जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन को पूरे प्रदेश में एक अलग मुकाम दिलाया है। एक महिला होने के बावजूद सारी जिम्मेदारियां संभालना, लोगों को जोड़ना, आर्थिक स्तर पर व्यवस्थाएं करना, खिलाड़ियों को उचित व्यवस्थाएं और सहूलियत देना अलका शर्मा की एक बड़ी पहचान बन गया है। यही कारण है कि पिछले ढाई दशक से ज्यादा समय से उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन उन पर अपना भरोसा बनाए हुए हैं।


0 Comments