![]() |
| ध्रुव जुरैल दीप्ति शर्मा सानवी भाटिया |
🏏ध्रुव जुरैल बने इंडिया-ए के कप्तान, दीप्ति शर्मा भारतीय वनडे टीम की उपकप्तान और सानवी भाटिया को यूपी अंडर-19 महिला टीम की कमान
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 6 अक्टूबर 2026। आज छह अक्टूबर 2026 का दिन आगरा के क्रिकेट इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। इस दिन आगरा के तीन होनहार क्रिकेटरों ने राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर अपनी नेतृत्व क्षमता का परचम लहराया। ध्रुव जुरैल, दीप्ति शर्मा और सानवी भाटिया को एक ही दिन तीन अलग-अलग टीमों की कप्तानी और उपकप्तानी की जिम्मेदारी मिली। इसे आगरा के लिए अभूतपूर्व उपलब्धि माना जा रहा है। दावा है कि आगरा प्रदेश का पहला ऐसा शहर बन गया है, जिसने एक ही दिन राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर तीन कप्तान दिए हैं।
ध्रुव जुरैल को इंडिया-ए की कप्तानी सौंपी गई है। उनकी यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि जिस टीम की कमान उन्हें मिली है, उसमें केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (फिटनेस के अधीन), देवदत्त पडिक्कल और वॉशिंगटन सुंदर जैसे अनुभवी और सीनियर खिलाड़ी शामिल हैं। ऐसे खिलाड़ियों वाली टीम का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी मिलना ध्रुव के बढ़ते कद और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है।
वहीं, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी दीप्ति शर्मा को वनडे टीम की उपकप्तानी मिली है। क्रिकेट जगत में उन्हें भारतीय महिला टीम के भविष्य के कप्तानों में प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। स्मृति मंधाना के बाद कप्तानी के लिए दीप्ति शर्मा को मजबूत विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
इसी दिन आगरा की युवा क्रिकेट प्रतिभा सानवी भाटिया को उत्तर प्रदेश अंडर-19 महिला टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी मिली। इस तरह एक ही दिन आगरा से तीन अलग-अलग स्तरों पर नेतृत्व करने वाली प्रतिभाओं का सामने आना शहर की क्रिकेट प्रतिभा के लिए बड़ी उपलब्धि है।
तीनों खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन आगरा के सचिव प्रकाश कौशल, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की क्रिकेट डेवलपमेंट कमेटी के सदस्य अनीश राजपूत, वरिष्ठ क्रिकेटर समीर चतुर्वेदी, सर्वेश भटनागर, क्रिकेट प्रशिक्षक पर्वेंद्र यादव, सुमित शर्मा, प्रवेश भारद्वाज, सिटीजन क्रिकेट क्लब के सचिव मुईन बाबू, उत्तर प्रदेश के जाने-माने क्रिकेट कमेंटेटर नरेंद्र शर्मा, पूर्व क्रिकेटर रमन दीक्षित, समेत शहर की प्रमुख क्रिकेट अकादमियों के संचालकों और क्रिकेट प्रेमियों ने बधाई दी।
कॉमेंटेटर नरेंद्र शर्मा ने बताया कि आगरा की धरती ने हमेशा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को जन्म दिया है, लेकिन एक ही दिन राष्ट्रीय स्तर पर इंडिया-ए, भारतीय महिला टीम और प्रदेश की अंडर-19 टीम में नेतृत्व की जिम्मेदारी आगरा की क्रिकेट प्रतिभा के लिए असाधारण उपलब्धि है।


0 Comments