-बीएससी तृतीय वर्ष गणित और जंतु विज्ञान के पेपर घंटे भर पहले व्हाट्सएप पर आए
-सॉल्व कर रहे स्टूडेंट्स को देख पुलिस बुलार्ई, 10 छात्रों के मोबाइल जब्त, मुकदमा
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 11 मई। डॉ. भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय की बुधवार को बीएससी तृतीय वर्ष की गणित और जंतु विज्ञान की परीक्षाओं के पेपर परीक्षा से एक घंटा पूर्व आगरा कॉलेज में लीक हो गए। सूचना मिलने पर विवि प्रशासन में हडंकंप मच गया। सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने गेट के बाहर इन पेपर्स को सॉल्व कर रहे छात्रों के 10 मोबाइल जब्त कर लिए। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक आगरा कॉलेज में बीएससी थर्ड ईयर के दो पेपर लीक हो गए। परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पहले ही कुछ छात्र मोबाइल पर आउट हुए पेपर को सॉल्व करने लगे। छात्रों की भीड़ बढ़ती देखकर प्रबंधन को कुछ शक हुआ। सूचना पर एडीएम सिटी और एसपी सिटी आगरा कॉलेज पहुंच गए। पुलिस ने करीब दस छात्रों के मोबाइल जब्त कर लिए। विवि द्वारा लीक पेपरों को निरस्त कर परीक्षाओं की अगली तारीख घोषित की गई। साथ ही मामले में मुकदमा पंजीकृत किया है।
बता दें कि डॉ. आम्बेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं चल रही हैं। बुधवार को आगरा कॉलेज में बीएससी थर्ड ईयर का मैथ और जंतु विज्ञान का पेपर था। परीक्षाएं 11.30 बजे शुरू होनी थी। इसी बीच कुछ छात्रों के मोबाइल पर दस बजे के करीब दोनों पेपर आउट आ गए। छात्रों ने यह बात एक-दूसरे से शेयर की तो सभी इकट्ठा होकर उसे सॉल्व करने लगे। जब इसकी भनक विवि प्रशासन को लगी तो खलबली मच गई।
आनन-फानन में पुलिस और प्रशासन की टीम को सूचना दी गई। पुलिस और प्रशासन की टीम जांच कर रही है कि पेपर मोबाइल पर कैसे लीक हुआ।


0 Comments