चोरी के आरोप में युवक को बांधकर पीटने वाले पर मुकदमा



- कमला नगर-बलकेश्वर की घटना, वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई

न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 05 जुलाई । थाना कमलानगर में सोमवार सुबह दुकान में चोरी के आरोप में कबाड़ का काम करने वाले युवक की हाथ-पैर बांध कर पिटाई की गई थी। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि थाना कमलानगर अंतर्गत चांदनी चौक चौराहे पर हरिओम की मिट्टी के बर्तन की दुकान के शटर का ताला तोड़कर नौ हजार रुपये की चोरी हुई थी। सोमवार को हरिओम और उसके साथियों ने बल्केश्वर निवासी कबाड़े का काम करने वाले सनी उर्फ शिवा की हाथ-पैर बांधकर बुरी तरह पिटाई कर दी थी। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। आरोप था कि हरिओम ने पुलिस बुलाई थी और पुलिस कर्मियों के सामने ही सनी की पिटाई की गयी थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक सनी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
पुलिस ने शिवा की तहरीर पर हरिओम के खिलाफ मारपीट, बंधक बनाना, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धारा के तहत मुकदमा लिखा है। चर्चा है कि पुलिस जब पहुंची शिवा के हाथ-पैर बंधे हुए थे। वह दो घंटे से फुटपाथ पर पड़ा था। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। तमाशा देखती रही। जब वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस को लगा कि दुकानदार ने अपराध किया है।


Post a Comment

0 Comments